नई दिल्ली: रोहिणी जिले की स्पेशल स्टाफ टीम ने अवैध हथियारों की सप्लाई चेन को तोड़ते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से 6 पिस्टल, 24 जिंदा कारतूस, 11 लाख रुपये नकद और एक महिंद्रा थार बरामद की है।
यह कार्रवाई इंस्पेक्टर संदीप गोदारा के नेतृत्व में की गई, जिसकी निगरानी एसीपी (ऑप्स) अजमेर सिंह कर रहे थे।
ऐसे पकड़ा गया पहला आरोपी
12 नवंबर 2026 को स्पेशल स्टाफ को गुप्त सूचना मिली कि एक हथियार सप्लायर रोहिणी जिले में हथियार पहुंचाने आ रहा है। सूचना पर एसआई सुमित दहिया, हेड कांस्टेबल नवदीप, रवि, राकेश, प्रदीप, जितेंद्र और कांस्टेबल शशिकांत व सागर की टीम ने जाल बिछाया।
टीम ने बेगमपुर से जोगेंद्र उर्फ जॉक को उसकी महिंद्रा थार के साथ पकड़ लिया। उसके पास से 2 पिस्टल, 1 देशी पिस्टल, 14 जिंदा कारतूस और 11 लाख रुपये नकद बरामद हुए।
पुलिस के अनुसार, जोगेंद्र मंगोलपुरी, सुल्तानपुरी और नांगलोई इलाके में अवैध सट्टा नेटवर्क चलाता था। उसे राइवल गैंग से जान से मारने की धमकियां मिल रही थीं, जिनमें हाल ही में स्पेशल सेल द्वारा गिरफ्तार राहुल पचपच का गैंग भी शामिल है।
पुलिस का कहना है कि इलाके में अपना दबदबा बनाने और खुद को बड़ा दिखाने के लिए वह हथियार और बड़ी मात्रा में नकदी लेकर चलता था। वह स्थानीय गैंग को हथियार सप्लाई कर अपना नेटवर्क बढ़ाना चाहता था और नए लड़कों को भर्ती कर हथियार देकर इलाके में वर्चस्व कायम करना चाहता था।
इस मामले में थाना बेगमपुर में FIR No. 512/26, धारा 25 आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है।
दूसरा आरोपी सप्लायर निकला
पूछताछ में हथियारों के सोर्स का पता चला, जिसे जॉनी उर्फ अक्षय के रूप में पहचाना गया। पुलिस ने उसे भी गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से 3 पिस्टल और 10 जिंदा कारतूस बरामद हुए।
आरोपियों का प्रोफाइल
- जोगेंद्र उर्फ जॉक: उम्र 40 साल, निवासी किराड़ी सुलेमान नगर, दिल्ली। पहले एक हत्या और दो मारपीट के मामलों में शामिल रह चुका है।
- जॉनी उर्फ अक्षय: उम्र 25 साल, निवासी किराड़ी सुलेमान नगर, दिल्ली। पहले हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट के तीन मामलों में शामिल रह चुका है।
कुल बरामदगी • 06 पिस्टल (05 अत्याधुनिक पिस्टल, 01 देशी पिस्टल) • 24 जिंदा कारतूस • 01 महिंद्रा थार कार • 11,00,000 रुपये नकद
पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की जांच जारी है।