दिल्ली : मंगोलपुरी में 10.300 किलो गांजा के साथ महिला तस्कर गिरफ्तार

नई दिल्ली। आउटर जिले की स्पेशल स्टाफ ने अवैध नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक महिला ड्रग सप्लायर को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से 10.300 किलो गांजा बरामद किया गया है।

पुलिस के अनुसार, स्पेशल स्टाफ में तैनात एएसआई कृष्ण को गश्त के दौरान सूचना मिली थी कि बी-ब्लॉक मंगोलपुरी बस स्टैंड, आउटर रिंग रोड के पास एक महिला गांजा बेचने का काम करती है। सूचना को पुख्ता करने के बाद इंस्पेक्टर रोहित, प्रभारी स्पेशल स्टाफ के नेतृत्व में एसआई अंकित, एएसआई कृष्ण, हेड कांस्टेबल रवि, कांस्टेबल अमित और महिला कांस्टेबल राजबाला की टीम बनाई गई।

टीम ने मौके पर छापा मारकर आरोपी महिला “एस” को पकड़ लिया। मौके पर ही गांजे को तौला गया, जिसका वजन 10.300 किलो निकला। बरामद माल को नियमानुसार सील कर जब्त कर लिया गया।

इस संबंध में थाना मंगोलपुरी में एफआईआर नंबर 795/2026, धारा 20(b) एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले की आगे की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *