नई दिल्ली, 13 नवंबर। उत्तर-पूर्वी जिले की हर्ष विहार थाना पुलिस ने रात में हुई चोरी की वारदात को महज 12 घंटे में सुलझाते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के पास से चोरी के दो लैपटॉप, की-बोर्ड और माउस बरामद किए गए हैं।
12 नवंबर को सुबह करीब 5:20 बजे सफेद मंदिर रोड स्थित आरकेवी कंप्यूटर इंस्टीट्यूट में चोरी की सूचना मिली। अज्ञात चोरों ने संस्थान का ताला तोड़कर दो लैपटॉप, एक इंडक्शन स्टोव, एक की-बोर्ड और एक माउस चुरा लिया था। फोरेंसिक टीम ने मौके से अहम सुराग जुटाए।
शिकायतकर्ता राहुल कुमार के बयान पर थाना हर्ष विहार में एफआईआर नंबर 367/26 धारा 305(ए)/331(4) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया।
एसीपी नंद नगरी गौरव कुमार त्रिपाठी के पर्यवेक्षण में एसएचओ इंस्पेक्टर तेज दत्त गौर के नेतृत्व में एएसआई आशीष, हेड कांस्टेबल कुंदन और हेड कांस्टेबल गौरव की टीम गठित की गई। टीम ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और स्थानीय सूचना के आधार पर आरोपियों की पहचान की।
तकनीकी निगरानी के जरिए पुलिस ने तीनों आरोपियों को 12 घंटे के भीतर धर दबोचा। पूछताछ में उन्होंने चोरी की बात कबूल की और चौथे साथी के बारे में भी बताया। उनकी निशानदेही पर चोरी का सामान बरामद हुआ। मामले में धारा 317(2)/3(5) बीएनएस भी जोड़ी गई है।
गिरफ्तार आरोपियों में ललतेश उर्फ लकी (34) – हर्ष विहार-II, गाजियाबाद। पहले से चोरी, स्नैचिंग और आबकारी के 6 मामलों में शामिल रहा है। । दूसरा किशन शर्मा (29) – गगन विहार, गाजियाबाद का है। चोरी के 2 मामले और 102 सीआरपीसी के तहत 2 कलंदरे दर्ज है। तीसरा कोकी (28) – हर्ष विहार, दिल्ली का है। कोई पुराना आपराधिक रिकॉर्ड नहीं।
पुलिस फरार चौथे आरोपी की तलाश में जुटी है।