नई दिल्ली। पश्चिम जिला पुलिस ने नारायणा थाना क्षेत्र में हुए चाकूबाजी में युवक की हत्या के मामले को 24 घंटे के भीतर सुलझा लिया है। पुलिस ने इस मामले में मुख्य आरोपी सहित तीन लोगों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राजेश कुमार (45 वर्ष), उसके दो बेटे अमन कुमार (22 वर्ष) और अनुराग (21 वर्ष) के रूप में हुई है। तीनों का पता नारायणा गांव, नई दिल्ली है।
कैसे हुई गिरफ्तारी
घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए SHO/नारायणा और ACP/मायापुरी के मार्गदर्शन तथा DCP/पश्चिम जिला श्री हरेश्वर वी. स्वामी, IPS के समग्र पर्यवेक्षण में एक विशेष टीम का गठन किया गया।
टीम में SI दीपक चंद्रा, HC बिपेश और HC सुनील शामिल थे। टीम ने तकनीकी निगरानी, स्थानीय खुफिया जानकारी और लगातार प्रयासों से दिल्ली और आसपास के इलाकों में छापेमारी कर तीनों आरोपियों को दबोच लिया।
जांच में पता चला है कि आरोपी राजेश कुमार ने मृतक को डंडे से धमकाया था और उसके बाद अपने दोनों बेटों अमन और अनुराग के साथ मौके से फरार हो गया था।
हथियार और खून से सने कपड़े बरामद
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल किया गया हथियार और आरोपियों के खून से सने कपड़े भी बरामद कर लिए हैं।
पुलिस ने बताया कि तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और उनकी भूमिका व घटना के पूरे क्रम की गहनता से जांच की जा रही है। मामले में आगे की जांच जारी है।