साइबर निवेश ठगी नेटवर्क का भंडाफोड़, नोएडा से 3 आरोपी गिरफ्तार

नई दिल्ली। द्वारका जिला साइबर थाना पुलिस ने साइबर वित्तीय ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए नोएडा से 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 40 मोबाइल फोन, 146 सिम कार्ड, 86 डेबिट कार्ड, 3 लैपटॉप, 28 चेक बुक, 18 पासबुक, 3 पासपोर्ट, 1 वाई-फाई राउटर और 1,09,200 रुपये नकद बरामद हुए हैं।

डीसीपी द्वारका कुशाल पाल सिंह, IPS के निर्देश पर यह कार्रवाई की गई। मामला ई-एफआईआर नंबर 485/2026 दिनांक 19.07.2026 के तहत दर्ज था।


सेक्टर-16, द्वारका निवासी एक महिला ने शिकायत दी थी कि जून 2026 में सोशल मीडिया पर निवेश का विज्ञापन देखकर वह “Funds Invest” नामक टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ी। आरोपियों ने शेयर मार्केट में ज्यादा मुनाफे का लालच देकर महिला से 5.50 लाख रुपये ठग लिए। महिला ने 16 जुलाई को 3 लाख रुपये उत्कर्ष स्मॉल फाइनेंस बैंक और 19 जुलाई को 2.50 लाख रुपये DCB बैंक खाते में ट्रांसफर किए थे।

तकनीकी और वित्तीय जांच के बाद पुलिस ने सेक्टर-137, नोएडा की एक ग्रुप हाउसिंग सोसाइटी में छापा मारकर तीनों आरोपियों को पकड़ा।

गिरफ्तार आरोपियों में पीयूष बाला (28) निवासी जैतपुर, दिल्ली – टीम का मुखिया, बैंक खाते, सिम, पासबुक जुटाता था। दूसरा भरत जी. पुजारी (32) निवासी उडुपी, कर्नाटक – मोबाइल में बैंक डिटेल लॉगिन करता था और तीसरा सूरज कुमार (24) निवासी शामली, यूपी – लेन-देन का हिसाब रखता था।

पुलिस के अनुसार आरोपी इंस्टाग्राम के जरिए एक-दूसरे के संपर्क में आए थे। बरामद खातों के खिलाफ दिल्ली, केरल, महाराष्ट्र और कर्नाटक में NCRP के 6 शिकायतें पहले से दर्ज हैं, जिनमें करीब 4 लाख रुपये की ठगी की बात सामने आई है।

    इंस्पेक्टर संदीप तुशीर, SHO साइबर थाना के नेतृत्व में SI विजय कुमार, HC मनोज, HC सुमित और HC श्रीराम की टीम ने यह कार्रवाई की। पुलिस अन्य साथियों की तलाश में जुटी है।

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *