नई दिल्ली। मध्य जिले के पहाड़गंज थाना पुलिस ने चेन स्नैचिंग के मामले का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से स्नैच की गई करीब 30 ग्राम सोने की चेन बरामद की गई है।
रोहित राजवीर सिंह डीसीपी सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट के अनुसार, 19.सितंबर.2026 की रात करीब 11:30 बजे दिल्ली हार्ट एंड लंग इंस्टीट्यूट के पास चेन चोरी की ई-एफआईआर दर्ज हुई थी। बाद में शिकायतकर्ता ने थाने आकर बताया कि वह खाना खाने गया था, जहां आरोपी ने पहले बहस की और फिर गाली-गलौज कर उसकी सोने की चेन झपट कर फरार हो गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए इंस्पेक्टर/एसएचओ पहाड़गंज के नेतृत्व और एसीपी पहाड़गंज के निर्देशन में हैड कांस्टेबल राम चरण, एएसआई राकेश और कांस्टेबल दीपक की टीम गठित की गई। टीम ने इलाके के कई सीसीटीवी फुटेज खंगाले और तकनीकी व फील्ड जांच के बाद आरोपी की पहचान की।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान तपिश उर्फ टप्पू, उम्र 18 वर्ष, निवासी आराम बाग, पहाड़गंज के रूप में हुई है। पूछताछ में उसने वारदात कबूली। उसकी निशानदेही पर लूटी गई चेन बरामद कर ली गई।
बरामदगी और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर मामले में BNS की धारा 304(2)/317 जोड़ी गई है।