नई दिल्ली, 30 सितंबर। दिल्ली पुलिस मुख्यालय के आदर्श ऑडिटोरियम में आज पिपिंग सेरेमनी का आयोजन किया गया। इस दौरान सेवानिवृत्त हो रहे 73 पुलिसकर्मियों को उनके सेवाकाल के सम्मान में अगले उच्च पद की मानद रैंक प्रदान की गई।
समारोह की अध्यक्षता दिल्ली के पुलिस आयुक्त श्री अनुराग कुमार, आईपीएस ने की। उन्होंने वरिष्ठ अधिकारियों के साथ कांस्टेबल से लेकर सब-इंस्पेक्टर स्तर तक के सेवानिवृत्त कर्मियों को मानद रैंक के बैज लगाए।
इस अवसर पर पुलिस आयुक्त ने सभी सेवानिवृत्त कर्मियों और उनके परिवारों को बधाई दी और उनके समर्पण व कड़ी मेहनत की सराहना की। उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मियों के परिवार कठिन समय में उनका संबल बनते हैं और उनकी बदौलत ही पुलिसकर्मी निष्ठा से अपनी ड्यूटी निभा पाते हैं।
उन्होंने कहा कि पुलिसिंग चुनौतीपूर्ण लेकिन संतुष्टि देने वाला कार्य है। सड़कों पर पुलिस की मौजूदगी ही नागरिकों में सुरक्षा का भाव पैदा करती है। उन्होंने सेवानिवृत्त कर्मियों से दिल्ली पुलिस के ब्रांड एंबेसडर के रूप में अपने अनुभव साझा करने का आह्वान किया।
पुलिस आयुक्त ने कहा कि सेवा के दौरान परिवार के लिए समय कम मिल पाता है, अब सेवानिवृत्ति के बाद वे अपने परिवार के साथ समय बिता सकेंगे और अपनी अधूरी इच्छाओं को पूरा कर सकेंगे।
इनको मिला मानद प्रमोशन –
कुल 73 कर्मियों में – कांस्टेबल से हेड कांस्टेबल: 01, हेड कांस्टेबल से एएसआई: 02, एएसआई से सब-इंस्पेक्टर: 21 और सब-इंस्पेक्टर से इंस्पेक्टर: 49 कर्मी शामिल हैं।