‘रन फॉर मार्टियर्स’ से हुई शुरुआत, शहीद परिवारों का सम्मान, बैंड की धुनों और बीटिंग द रिट्रीट के साथ हुआ समापन
नई दिल्ली, 24 अक्टूबर। दिल्ली पुलिस ने आज चाणक्यपुरी स्थित राष्ट्रीय पुलिस स्मारक पर पुलिस शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। अखिल भारतीय पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर आयोजित इस विशेष कार्यक्रम में शहीदों के अदम्य साहस, कर्तव्यनिष्ठा और सर्वोच्च बलिदान को याद किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत सुबह ‘रन फॉर मार्टियर्स’ से हुई। दिल्ली के पुलिस आयुक्त श्री अनुराग कुमार, आईपीएस ने नेहरू पार्क से इस दौड़ को झंडी दिखाकर रवाना किया, जो राष्ट्रीय पुलिस स्मारक पर समाप्त हुई। यह दौड़ शहीद परिवारों के साथ एकजुटता का प्रतीक रही। स्मारक पहुंचने पर पुलिस आयुक्त ने वरिष्ठ अधिकारियों के साथ शहीदों को पुष्पांजलि अर्पित की।
दिन के दौरान दिल्ली पुलिस के शहीद जवानों के परिवारों ने स्मारक का दौरा किया। पुलिस मुख्यालय द्वारा इन वीर परिवारों को सम्मानित किया गया। स्मारक थिएटर में पुलिस के शौर्य और पराक्रम पर आधारित एक विशेष फिल्म प्रदर्शित की गई। परिवारों ने संग्रहालय और ‘वॉल ऑफ वैलर’ पर जाकर अपने प्रियजनों को नमन किया।
शाम को विशेष पुलिस आयुक्त (सशस्त्र पुलिस) श्री विजय कुमार, आईपीएस अपनी पत्नी और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों व उनकी पत्नियों के साथ स्मारक पहुंचे। उन्होंने शहीद स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित किया, जिसके बाद अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने भी श्रद्धासुमन अर्पित किए। इस अवसर पर दिल्ली पुलिस के शौर्य पर बनी फिल्म की स्क्रीनिंग हुई और दिल्ली पुलिस के ब्रास बैंड और पाइप बैंड ने शहीदों के सम्मान में मनमोहक प्रस्तुति दी।
कार्यक्रम का समापन बीटिंग द रिट्रीट समारोह और वॉल ऑफ वैलर पर अंतिम सलामी के साथ हुआ।
उल्लेखनीय है कि पुलिस स्मृति दिवस हर साल 21 अक्टूबर को मनाया जाता है। राष्ट्रीय स्तर के मुख्य कार्यक्रम के बाद 22 से 30 अक्टूबर तक केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों और दिल्ली पुलिस को स्मारक पर कार्यक्रम आयोजित करने के लिए अलग-अलग दिन आवंटित किए जाते हैं। इस क्रम में दिल्ली पुलिस को 24 अक्टूबर 2026 का दिन आवंटित किया गया था। 22 से 30 अक्टूबर तक दिल्ली पुलिस के सभी जिलों और इकाइयों में भी शहीदों की स्मृति में विविध कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।