पीएम मोदी ने कहा कि मेरे लिए जनता जनार्दन ईश्वर का स्वरूप है। इसे मैं अपना परम सौभाग्य मानता हूं। भाजपा सरकार के 12 साल पूरे होने और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सबसे लंबे समय तक भारत के निर्वाचित प्रधानमंत्री होने की उपलब्धि हासिल करने के उपलक्ष्य में दिल्ली स्थित भारत मंडपम में एनडीए की बैठक को संबोधित करते हुए पीएम मोदी बोले,हम न्यू मीडिल क्लास को निराश नहीं होने देंगे।
पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस के विश्वासघात के बाद लोगों ने उन पर भरोसा जताया. इसी भरोसे के बाद 2014 में आशा के सूर्य का उदय हुआ. पीएम ने कहा कि आज NDA के 12 साल के कार्यकाल की एक बड़ी कामयाबी यह है कि देश कांग्रेस की चालों के जाल से आजाद हुआ है. कांग्रेस ने देश को बेबसी, गरीबी और हीन भावना की खाई में धकेल दिया था. उस समय यह बात आम थी कि भारत में विकास की गति धीमी ही रहेगी. यानी तेजी से विकास होना नामुमकिन है।
पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस ने बड़ी चालाकी से इसे ‘हिंदू ग्रोथ रेट’ का नाम दे दिया था. यानी काम करने का तरीका कांग्रेस का, जिम्मेदारी कांग्रेस की और नाकामी की वजह भी कांग्रेस, फिर भी इसका दाग देश की विशाल हिंदू आबादी पर मढ़ दिया गया. पीएम मोदी ने कहा कि असल में, इस गलत चलन का नाम ‘कांग्रेस ग्रोथ रेट’ होना चाहिए था. इस ‘कांग्रेस ग्रोथ रेट’ में न तो अच्छा शासन था, न सही नीतियां, न सच्ची नीयत और न ही कोई ठोस कदम उठाने की हिम्मत।
पीएम मोदी ने कहा कि जब अटल जी की अगुवाई में जब NDA सरकार सत्ता में आई, तब हमें विकास की रफ़्तार पकड़ने की झलक मिली. लेकिन अफसोस, 2004 में देश एक बार फिर अस्थिरता और कांग्रेस की पकड़ में आ गया. विकास को बढ़ावा देने के बजाय, कांग्रेस ने देश को हजारों करोड़ रुपये के कई घोटालों में फंसा दिया. 2014 में जब NDA सरकार बनी, तब जाकर देश की किस्मत बदली. देश ने विकास की असली रफ़्तार तब देखी जब नीयत, नीति और फैसले लेने की प्रक्रिया. सब एक साथ मिलकर काम करने लगे।
पीएम मोदी ने कहा, “इस अवसर पर NDA परिवार के सदस्यों ने एक प्रस्ताव भी पेश किया है. ये आप सबकी आत्मियता और उदारता है क्योंकि मैं इस यात्रा को अपनी व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं मानता हूं. ये हर दृष्टिकोण से हम सबकी सामूहिक उपलब्धि है. ये NDA के हर घटक दल की एक समान उपलब्धि है. इसलिए मैं इस प्रस्ताव को आप सभी को, भाजपा समेत हमारे NDA परिवार के सभी कार्यकर्ताओं को समर्पित करता हूं.”।