नई दिल्ली, 25 अक्टूबर 2026
मध्य जिले की स्पेशल स्टाफ टीम ने “नशा मुक्त भारत अभियान” के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए एक कथित MDMA तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से 1.63 ग्राम MDMA और एक मारुति सुजुकी स्विफ्ट कार बरामद हुई है।
पुलिस के अनुसार, 23 अक्टूबर को सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति राजेंद्र प्लेस स्थित राजेंद्र भवन के पास लिंक रोड-1 पर स्विफ्ट कार में बैठा MDMA बेचने की फिराक में है। सूचना पर कार्रवाई करते हुए टीम मौके पर पहुंची। भागने की कोशिश कर रहे संदिग्ध को काबू कर तलाशी ली गई तो शर्ट की जेब से दो प्लास्टिक की पुड़ियों में 1.63 ग्राम MDMA बरामद हुआ।
आरोपी की पहचान विजय वोहरा (29), निवासी पूर्वी दिल्ली के रूप में हुई है। इस संबंध में प्रसाद नगर थाने में FIR No. 334/2026, धारा 22(b) NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
यह कार्रवाई इंस्पेक्टर संदीप यादव, प्रभारी स्पेशल स्टाफ के नेतृत्व में ASI प्रताप सिंह, HC मोहित यादव, HC मुनेश शर्मा, HC राजवीर और HC विकास की टीम ने ACP ऑपरेशंस पदम सिंह राणा की देखरेख में की। पूछताछ में आरोपी ने MDMA बिक्री में शामिल होने की बात कबूली है। पुलिस अब इसके नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है।