नई दिल्ली, 29 अक्टूबर।
द्वारका जिला की स्पेशल स्टाफ टीम ने हथियार तस्करी के बड़े नेटवर्क पर कार्रवाई करते हुए 2 हथियार सप्लायरों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों के पास से 2 देसी पिस्तौल, 2 जिंदा कारतूस और एक मोटरसाइकिल बरामद की गई है।
डीसीपी द्वारका श्री कुशल पाल सिंह के दिशा-निर्देश पर इंस्पेक्टर कमलेश कुमार के नेतृत्व में एसआई तोपेश कुमार, एएसआई राजेंद्र, हेड कांस्टेबल बच्चू सिंह, कांस्टेबल रवि और कांस्टेबल परविंदर की टीम ने यह कार्रवाई की। टीम को एसीपी ऑपरेशन सुभाष मलिक सुपरवाइज कर रहे थे।
कैसे पकड़े गए –
25/26 अक्टूबर की रात खुफिया सूचना के आधार पर टीम ने सेक्टर-16ए, जेजे कॉलोनी के पास बाइक पर घूम रहे दो संदिग्धों को रोका। तलाशी में दोनों के पास से एक-एक लोडेड देसी कट्टा मिला। बाइक के कागजात भी नहीं मिले।
पकड़े गए आरोपियों की पहचान 1. सुमित पुत्र गुलशन राजपूत (19 वर्ष) निवासी बड़ोला, आजादपुर मंडी और 2. प्रमोद कुमार पुत्र राधा किशन महतो (21 वर्ष) निवासी बड़ोला के रूप में हुई।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे किसी के कहने पर हथियारों की डिलीवरी देने आए थे और तय जगह पर ग्राहक का इंतजार कर रहे थे। सुमित पहले भी 2024 में महेंद्रा पार्क थाने के फायरिंग के मामले में शामिल रह चुका है। बताया जा रहा है कि वह जहाँगीरपुरी निवासी विकास नामक व्यक्ति के कहने पर हथियार सप्लाई का काम करता है।
इस संबंध में थाना द्वारका नॉर्थ में FIR No. 357/26 धारा 25/54/59 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस हथियारों के मुख्य स्रोत और जिसके लिए हथियार लाए गए थे, उसकी तलाश में जुटी है।