जामताड़ा में दिल्ली पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 22 साइबर ठग गिरफ्तार

नई दिल्ली, 21 नवंबर। दिल्ली पुलिस की पश्चिमी जिला साइबर टीम ने झारखंड के कुख्यात साइबर हब जामताड़ा समेत यूपी, पश्चिम बंगाल और बिहार में 5 दिन तक चले अंतरराज्यीय ऑपरेशन में 22 बड़े साइबर ठगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में एपीके फाइल और पैनल बनाने वाले डेवलपर भी शामिल हैं।

पुलिस के अनुसार, इस सिंडिकेट ने देशभर में 22,139 लोगों को निशाना बनाकर 20 करोड़ रुपये से अधिक की ठगी की है। इनसे सीधे तौर पर 2,080 एनसीआरपी शिकायतें जुड़ी हुई हैं।

64 पुलिसकर्मियों की 7 टीमों ने 17 जगहों पर मारी रेड

ऑपरेशन के लिए 64 पुलिसकर्मियों की 7 विशेष टीमें बनाई गईं। टीमों ने 11 से 15 नवंबर तक बिराजपुर, करमतार, मड़गोमुंडा, सरवां, नारायणपुर, सराठ, मुरली पहाड़ी, धुमरिया, परतोल, गिरिडीह, पथरोल, नौआडी, नागादारी, फतेहपुर, चकाई, जमुई, नालंदा, आसनसोल, कोलकाता और गोरखपुर समेत 17 जगहों पर एक साथ छापेमारी की।

छापेमारी में 63 मोबाइल फोन, 2 लैपटॉप, 2 मैकबुक और 1 टैब बरामद हुआ। इनमें एपीके पैनल फाइलों से जुड़े अहम डिजिटल सबूत मिले हैं।

बुजुर्गों को बनाते थे निशाना

जांच में सामने आया कि ठग व्हाट्सऐप पर बैंक अधिकारी बनकर संपर्क करते थे। लाइफ सर्टिफिकेट वेरिफिकेशन, केवाईसी अपडेट, क्रेडिट कार्ड जारी करने, बीएसईएस-आईजीएल कनेक्शन और क्रेडिट लिमिट बढ़ाने के बहाने बुजुर्गों को फर्जी एपीके फाइल डाउनलोड कराते थे।

फोन में इंस्टॉल होते ही यह ऐप फर्जी बैंकिंग फॉर्म दिखाता था और एसएमएस, ओटीपी, कॉल, गैलरी समेत पूरी जानकारी चुरा लेता था। इसके बाद आरोपी बैंक खाते पर कब्जा कर पैसा निकाल लेते थे और क्रेडिट कार्ड लिमिट का भी इस्तेमाल कर लेते थे।

1300 से ज्यादा शिकायतों की जांच, 32 एपीके की फॉरेंसिक जांच

पुलिस ने एपीके फ्रॉड से जुड़ी 1300 से अधिक एनसीआरपी शिकायतों की जांच की। 32 खतरनाक एपीके फाइलों की फॉरेंसिक जांच और 56 टेलीग्राम प्रोफाइल का विश्लेषण किया गया।

इस ऑपरेशन का असर भी दिखा है। दिल्ली में 2 से 10 नवंबर के बीच एपीके फ्रॉड की 1406 शिकायतें मिली थीं, जो 11 से 17 नवंबर के बीच घटकर 724 रह गईं। यानी 50 फीसदी से ज्यादा की कमी आई है।

आरोपियों को साइबर थाना पश्चिम में दर्ज ई-एफआईआर नंबर 0567/2026 और 0522/26 में गिरफ्तार किया गया है। ऑपरेशन झारखंड और बिहार पुलिस के सहयोग से चलाया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *