नई दिल्ली, 6 अक्टूबर। आउटर-नॉर्थ जिले की पुलिस ने दिल्ली टेक्नोलॉजिकल यूनिवर्सिटी (DTU) में नशा मुक्ति और साइबर सुरक्षा पर केंद्रित जागरूकता कार्यक्रम “संवाद” का आयोजन किया।
कार्यक्रम में DTU सहित NIT, अदिति महाविद्यालय, सिरी फोर्ट इंस्टीट्यूट और दिल्ली कॉलेज फॉर एडवांस्ड स्टडीज के करीब 600 छात्र-छात्राओं और फैकल्टी ने हिस्सा लिया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उत्तरी रेंज के संयुक्त पुलिस आयुक्त विजय सिंह, IPS ने युवाओं को जिम्मेदार विकल्प चुनने और नशे व साइबर अपराधों के प्रति सजग रहने का आह्वान किया। DTU के कुलपति प्रतीक शर्मा ने दिल्ली पुलिस की इस पहल की सराहना की।
कार्यक्रम में नशे की लत से उबरकर सफल उद्यमी बने नील डिसिल्वा ने अपने अनुभव साझा कर छात्रों को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराया। वहीं साइबर एक्सपर्ट गोविंद राय ने ऑनलाइन ठगी, डेटा सुरक्षा और सुरक्षित डिजिटल आदतों पर विस्तार से जानकारी दी।
ACP/SP बादली और साइबर/OND फिरोज आलम ने छात्रों को 1930 साइबर हेल्पलाइन, मोबाइल रिकवरी मैकेनिज्म (MRM) और शिकायत निवारण तंत्र (GRM) के बारे में बताया और तुरंत शिकायत दर्ज कराने पर जोर दिया।
यह कार्यक्रम पूरी तरह इंटरैक्टिव रहा, जिसमें छात्रों ने सीधे पुलिस अधिकारियों और विशेषज्ञों से सवाल-जवाब किए।