नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा (EOW) ने सोलर एनर्जी कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया (SECI) के साथ 136.40 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी के मामले में फरार चल रहे घोषित अपराधी को गिरफ्तार किया है।
आरोपी की पहचान शिव शंकर दास पुत्र संचू दास, निवासी माणिकपुर, दमदम, कोलकाता (प. बंगाल) के रूप में हुई है। उसे बिहार के पटना से गिरफ्तार किया गया है।
EOW के अनुसार, SECI के मैनेजर बिबलेश मीणा की शिकायत पर FIR No. 79/2025 दर्ज की गई थी। आरोप था कि रिलायंस पावर लिमिटेड की सहायक कंपनी रिलायंस NU BESS लिमिटेड ने टेंडर हासिल करने के लिए दो विदेशी बैंकों – ACE इन्वेस्टमेंट बैंक, मलेशिया और फर्स्ट रैंड बैंक, फिलीपींस की 68.20-68.20 करोड़ रुपये की दो फर्जी बैंक गारंटियां लगाईं। इनकी पुष्टि के लिए SBI के नाम से फर्जी ईमेल आईडी और फर्जी SFMS कन्फर्मेशन बनाए गए।
जांच में पता चला कि आरोपी शिव शंकर दास ने रिलायंस पावर के CFO अशोक कुमार पाल, पार्थ सारथी बिस्वाल और अमर नाथ दत्ता के साथ मिलकर साजिश रची। उसने SBI के फर्जी लेटर, मुहरें और लेटरहेड का इंतजाम किया। इस काम के लिए उसे 1.44 करोड़ रुपये मिले थे।
लगातार फरार रहने पर साकेत कोर्ट ने उसे भगोड़ा घोषित कर दिया था। इंस्पेक्टर लक्ष्मण कुमार और SI अरविंद कुमार की टीम ने ACP विनोद गांधी के नेतृत्व में मेदिनीपुर, कोलकाता, आसनसोल और मुंबई में छापेमारी कर आखिरकार 27 जुलाई को पटना से उसे दबोचा। आरोपी 12वीं पास है और फिलहाल न्यायिक हिरासत में है।