नई दिल्ली। द्वारका जिले की एंटी नारकोटिक्स सेल ने 25 मामलों के शातिर ठग को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान भालिंदर पाल सिंह उर्फ भालिंदर सिंह उर्फ जीएस बाली उर्फ जसराज सहगल (44) निवासी मोहाली, पंजाब के रूप में हुई है।
बीते 11 सितंबर को द्वारका सेक्टर-6 स्थित ग्लेशियर हॉलिडेज के मालिक इंदर सिंह नागपाल को एक कॉल आई। कॉलर ने खुद को एक बड़े नेता का पति बताकर छात्र की फीस भरने के नाम पर मदद मांगी और कहा कि पैसा ऑफिस से वापस हो जाएगा। आरोपी ने व्हाट्सएप प्रोफाइल पर अशोक स्तंभ का लोगो लगा रखा था ताकि सरकारी अधिकारी होने का भरोसा हो। झांसे में आकर शिकायतकर्ता ने 1,69,389 रुपये अलग-अलग खातों में ट्रांसफर कर दिए और दिल्ली से लखनऊ का एयर टिकट भी बुक कर दिया। इस पर थाना द्वारका साउथ में FIR No. 266/2026 दर्ज की गई।
DCP कुशल पाल सिंह के निर्देश पर इंस्पेक्टर सतीश कुमार के नेतृत्व में टीम बनाई गई। जांच में पता चला कि आरोपी ने फर्जी पते पर सिम लेकर व्हाट्सएप बनाया था। TSP से मिली IP डिटेल और गुरुग्राम सेक्टर-43 में करीब 120 घरों की तलाशी के बाद उसे जसराज सहगल के नाम से किराए पर रहते हुए पकड़ा गया। उसके पास से एक ही नंबर के दो आधार कार्ड मिले।
पूछताछ में पता चला कि आरोपी पिछले 10 साल से सक्रिय है और पंजाब में खुद को भटिंडा का मेयर, जालंधर में MLA का PA और सांसदों का रिश्तेदार बताकर ठगी कर चुका है। हरियाणा के बाद अब वह दिल्ली NCR के रसूखदार लोगों को निशाना बना रहा था। वह स्कॉर्पियो-N (UP 65 GC 8***) गाड़ी किराए पर लेकर रौब दिखाता था।
पुलिस ने बताया कि आरोपी 4 मामलों में भगोड़ा घोषित है और 4 अन्य मामलों में उसके खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी है।
आरोपी के पास से 1 स्कॉर्पियो-N कार, 2 मोबाइल फोन, 1 चेक बुक बरामद हुई है।