आनंद पर्वत में हत्या का 7 घंटे में खुलासा, एक गिरफ्तार दो नाबालिग निरुद्ध

नई दिल्ली, 23 सितंबर 2026

मध्य जिला पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आनंद पर्वत इलाके में हुए हत्या के मामले को महज 7 घंटे में सुलझा लिया है। पुलिस ने इस वारदात में शामिल एक मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया है जबकि दो नाबालिगों को निरुद्ध किया है। आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल किया गया चाकू भी बरामद कर लिया गया है।

पुलिस के अनुसार 22 सितंबर की रात करीब 8:30 बजे आनंद पर्वत इलाके में एक युवक को चाकू मारने की पीसीआर कॉल प्राप्त हुई। कॉल मिलते ही थाना आनंद पर्वत का स्टाफ तुरंत गली नंबर 16, थान सिंह रोड पहुंचा और क्राइम टीम से मौका मुआयना कराया। घायल अवस्था में मिला 17 वर्षीय किशोर K, निवासी आनंद पर्वत को सिपाही राजेश ने स्थानीय लोगों की मदद से जीवन माला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मामले में थाना आनंद पर्वत में FIR No. 128/26, धारा 103(1) BNS के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

सीसीटीवी और तकनीकी निगरानी से पकड़े गए आरोपी

डीसीपी सेंट्रल रोहित राजबीर सिंह के मुताबिक, SHO आनंद पर्वत इंस्पेक्टर सुभाष चंद्र की देखरेख और ACP पटेल नगर सुनील कुमार के मार्गदर्शन में एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम में IO इंस्पेक्टर रणवीर सिंह, SI दीपांशु, HC शरवन, HC हरीश, Ct. सुरेश, Ct. राजेश और Ct. गिरधारी शामिल थे।

टीम ने इलाके के सीसीटीवी फुटेज का बारीकी से विश्लेषण, तकनीकी सर्विलांस और स्थानीय मुखबिरों से मिली सूचना के आधार पर तीनों आरोपियों की पहचान की और आनंद पर्वत इलाके से ही उन्हें पकड़ लिया।

पकड़े गए आरोपियों की पहचान तुषार, उम्र 19 वर्ष, निवासी आनंद पर्वत , L, उम्र 17 वर्ष, किशोर , R, उम्र 15 वर्ष, किशोर के रूप में हुई।
टकराने पर हुआ झगड़ा, फिर चाकू से हमला

    पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे गली नंबर 16 से गुजर रहे थे, तभी सामने से आ रहे पीड़ित से उनकी टक्कर हो गई। इसी बात को लेकर कहासुनी हुई और देखते ही देखते झगड़ा बढ़ गया। आरोप है कि तीनों ने मिलकर पीड़ित पर चाकू से वार किया और मौके से फरार हो गए।

    पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त चाकू बरामद कर लिया है। आगे की जांच जारी है।

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *