एंटी बर्गलरी सेल की बड़ी कार्रवाई: दो शातिर सेंधमार और एक जेवरात खरीददार गिरफ्तार

नई दिल्ली। दक्षिण-पश्चिम जिले की एंटी बर्गलरी सेल ने सेंधमारी की वारदातों पर लगाम लगाते हुए दो शातिर चोरों और चोरी का माल खरीदने वाले एक सुनार को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 42.11 ग्राम पिघला हुआ सोना, दो देसी पिस्तौल और सेंधमारी में इस्तेमाल होने वाले औजार बरामद किए गए हैं। इस कार्रवाई से जिले के चार मामलों का खुलासा हुआ है।


डीसीपी साउथ-वेस्ट अमित गोयल के अनुसार, पालम गांव थाने में घर में चोरी के दो मामले दर्ज हुए थे। एसीपी ऑपरेशन संदीप घई के निर्देशन और इंस्पेक्टर राम कुमार के नेतृत्व में एसआई बच्चू सिंह व टीम ने करीब 700 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में एक ही गैंग बाइक पर आकर वारदात को अंजाम देता दिखा।

तकनीकी जांच के बाद 5 अगस्त को मौजपुर से मुख्य आरोपी मोहम्मद आरिफ (33) को दबोचा गया। पूछताछ में उसने बताया कि उसने साथी इरशाद उर्फ भानू के साथ केशवपुरम से बाइक चुराई और फिर पालम में दो चोरियां कीं। उसकी निशानदेही पर एक देसी पिस्तौल और हथौड़ा, प्लास, पेचकस, लोहे की रॉड समेत सेंधमारी के औजार बरामद हुए। बाद में गाजियाबाद से दूसरे आरोपी अफसर (28) को गिरफ्तार कर उसके पास से दूसरी पिस्तौल बरामद की गई।


जांच में पता चला कि चोरी के गहनों को आरोपी नई सीमापुरी निवासी इनजमाम शेख उर्फ राजा शेख (26) को बेचते थे, जिसने गहनों को पिघला दिया था। उसके पास से 42.11 ग्राम पिघला हुआ सोना बरामद किया गया है।

पकड़े गए आरोपियों में मोहम्मद आरिफ – ब्रह्मपुरी निवासी, पहले से बुराड़ी थाने में चोरी के 6 मामलों में शामिल रहा है। इसके अलावा अफसर – गाजियाबाद निवासी, कोतवाली और जामा मस्जिद थाने में लूटपाट के 3 केस में शामिल रहा है । साथ ही इनजमाम शेख – चोरी का माल खरीदने वाला है।
पुलिस ने पालम गांव के 2, गोविंदपुरी और केशवपुरम के 1-1 सहित कुल 4 मामलों का खुलासा किया है। फरार आरोपी इरशाद की तलाश जारी है।

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *