नई दिल्ली। उत्तरी जिले की AATS टीम ने वाहन चोरी करने वाले नेटवर्क पर बड़ा प्रहार करते हुए 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से 38 चोरी के दोपहिया वाहन बरामद कर दिल्ली के विभिन्न थानों में दर्ज वाहन चोरी के 41 मामलों का खुलासा किया गया है।
पुलिस के अनुसार यह सफलता सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी निगरानी, गुप्त सूचना और सघन फील्ड ऑपरेशन के चलते मिली है। बरामद वाहनों में 21 स्कूटी और 17 मोटरसाइकिल शामिल हैं।
पांच बड़े ऑपरेशन में ऐसे मिली सफलता:
- सराय रोहिल्ला इलाके से ऑटो-लिफ्टर अनस और दो रिसीवर समीर और राहीश गिरफ्तार, 4 वाहन बरामद।
- वजीराबाद में बाइक चोरी की वारदात में सीसीटीवी ट्रेल के आधार पर मुस्तफाबाद से आरोपी समीर गिरफ्तार, 6 वाहन बरामद, 7 केस सुलझे।
- शास्त्री नगर से स्कूटी चोरी मामले में इंद्रलोक इलाके से आरोपी सावन उर्फ स्वान उर्फ परवेज आलम (24) गिरफ्तार, 7 वाहन बरामद।
- वजीराबाद इलाके से वांछित ऑटो-लिफ्टर मनोज कुमार उर्फ अंशु गिरफ्तार, 9 वाहन बरामद, 10 केस सुलझे।
- गश्त के दौरान जमुना बाजार और यमुना खादर इलाके से लावारिस हालत में खड़े 12 चोरी के वाहन बरामद।
बरामदगी वजीराबाद, मुस्तफाबाद, इंद्रलोक, सराय रोहिल्ला और यमुना खादर सहित विभिन्न इलाकों से की गई है।
इन मामलों से सराय रोहिल्ला के 10, रूप नगर, सीलमपुर, पश्चिम विहार ईस्ट के 2-2 और कश्मीरी गेट, बुराड़ी, तिमारपुर, सदर बाजार, गुलाबी बाग सहित 25 थानों के कुल 41 केस वर्कआउट हुए हैं।
यह कार्रवाई ACP ऑपरेशंस विशेश धत्तरवाल के पर्यवेक्षण और AATS इंचार्ज इंस्पेक्टर संजय कुमार गुप्ता के नेतृत्व में SI हीरा लाल, SI दिनेश सिंह, ASI परविंदर, HC संदीप, HC रविंदर सहित टीम ने की।
फिलहाल पुलिस नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों और रिसीवरों की तलाश कर रही है।