नई दिल्ली। नॉर्थ डिस्ट्रिक्ट रेंज (NDR) क्राइम ब्रांच ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दयालपुर थाने के अपहरण, फिरौती और रंगदारी के मामले में वांटेड कुख्यात बदमाश शोएब उर्फ छोटा बाबर को गिरफ्तार किया है।
आरोपी नसीम दुर्रानी गैंग का सक्रिय सदस्य है और कई मामलों में वांछित चल रहा था।
दयालपुर थाने में FIR No. 132/2026, धारा 140(3)/309(6)/3(5) BNS के तहत मामला दर्ज है। 26 मार्च 2026 की रात मुस्तफाबाद इलाके से आरोपी शोएब ने अपने साथियों फरमान, सलीम उर्फ फाइटर, फहीम और गांजा के साथ मिलकर शिकायतकर्ता दानिश का हथियार के बल पर अपहरण कर लिया था।
आरोपियों ने 10 लाख रुपये की रंगदारी मांगी, मारपीट कर उसका iPhone लूटा और मोबाइल बैंकिंग के जरिए करीब 2 लाख रुपये अपने खाते में ट्रांसफर कर फरार हो गए थे। इस मामले में तीन आरोपी पहले ही गिरफ्तार हो चुके हैं।
29 जुलाई को क्राइम ब्रांच को गुप्त सूचना मिली कि आरोपी न्यू अशोक नगर इलाके में आने वाला है। ACP उमेश बर्थवाल के निर्देशन और इंस्पेक्टर रामपाल की टीम ने 30 जुलाई सुबह करीब 7:30 बजे दत्त भवन, गंदा नाला रोड, न्यू अशोक नगर से उसे दबोच लिया। कोर्ट ने उसके खिलाफ गैर-जमानती वारंट भी जारी किया था।
22 वर्षीय शोएब मलिक उर्फ छोटा बाबर, निवासी पुराना मुस्तफाबाद, 7वीं कक्षा फेल है। पिता लोनी, गाजियाबाद में मैकेनिक की दुकान चलाते हैं। पुलिस के मुताबिक वह बचपन से ही अपराध में लिप्त रहा और जनवरी 2026 में नसीम दुर्रानी गैंग से जुड़ा। वह दयालपुर थाने का घोषित बदमाश (BC) है।
उस पर हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट और स्नैचिंग के कई मामले दर्ज हैं।