दिल्ली के बवाना हत्याकांड में क्राइम ब्रांच को बड़ी कामयाबी, मुठभेड़ के बाद दो शार्प शूटर गिरफ्तार

नई दिल्ली, 31 जुलाई। दिल्ली पुलिस क्राइम ब्रांच की NR-II यूनिट को बड़ी सफलता मिली है। सनसनीखेज बवाना हत्याकांड के दो मुख्य आरोपियों को पुलिस ने संक्षिप्त मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है।

गिरफ्तार आरोपी कुख्यात हिमांशु उर्फ भाऊ – विक्की उर्फ हदल गैंग के शार्प शूटर बताए जा रहे हैं। इनकी पहचान हर्ष वासने (19 साल), निवासी बवाना और विपिन उर्फ श्याम सुंदर (20 साल) के रूप में हुई है।

एच जी एस धालीवाल, स्पेशल कमिश्नर ऑफ पुलिस, क्राइम ब्रांच के अनुसार 18 जुलाई को गांव पूठ खुर्द में जोगिंदर उर्फ काला की छह गोलियां मारकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में FIR No. 381/26 थाना बवाना में दर्ज थी।

पुलिस पर फायरिंग, जैकेट ने बचाई जान
29 जुलाई की रात करीब 11 बजे सूचना मिली कि दोनों आरोपी चोरी की सफेद स्कूटी पर सवार होकर बवाना कैनाल रोड से रोहिणी की तरफ एक और हत्या को अंजाम देने जा रहे हैं। सेक्टर-28/29 डिवाइडिंग रोड पर पुलिस ने जाल बिछाया। खुद को घिरा देख हर्ष ने ASI प्रवीण दहिया पर फायर कर दिया। गोली बुलेटप्रूफ जैकेट में लगी, जिससे बड़ा हादसा टल गया। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने स्कूटी को रोककर दोनों को दबोच लिया।


आरोपियों के पास से 2 सेमी-ऑटोमैटिक पिस्तौल, 6 जिंदा कारतूस, 2 खोखे और चोरी की स्कूटी बरामद हुई है। स्कूटी हरि नगर थाने से चोरी की थी। हर्ष की जेब से एक डायरी भी मिली है, जिसमें पवन अग्रवाल और सुरेंद्र गुप्ता के नाम लिखे थे। पुलिस का कहना है कि रोहिणी में डबल मर्डर की साजिश थी, जो समय रहते नाकाम कर दी गई।

पूछताछ में खुलासा हुआ कि विक्की उर्फ हदल ने इंस्टाग्राम के जरिए विपिन को अपने गैंग में जोड़ा था। हत्या से पहले दूध बेचने के बहाने कई दिन तक रेकी की गई थी। वारदात के बाद आरोपी यूपी, बिहार, एमपी और राजस्थान में छिपते फिर रहे थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *