क्राइम ब्रांच को बड़ी कामयाबी: बुराड़ी के दो मामलों में वांछित भगोड़ा अपराधी गिरफ्तार

नई दिल्ली : दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच WR-II की टीम ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए बुराड़ी थाने के दो आपराधिक मामलों में वांछित घोषित भगोड़े अपराधी अवनीश कुमार झा उर्फ अविनाश उर्फ डॉक्टर को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी जमानत पर छूटने के बाद कोर्ट में पेश नहीं हो रहा था और दोनों मामलों में उसे भगोड़ा घोषित किया जा चुका था।आरोपी मुकंदपुर के स्थानीय आंचल गैंग से जुड़ा था और भलस्वा डेयरी थाने के लूट के मामले में भी पहले शामिल रह चुका है।

17 जून 2026 को हेड कांस्टेबल अजय दहिया को गुप्त सूचना मिली। इंस्पेक्टर सतीश मलिक के नेतृत्व में SI परदीप दहिया, HC अजय दहिया और HC अशोक कुमार की टीम ने ACP राजपाल डाबस की निगरानी में हापुड़ के करीम नगर कॉलोनी, NTPC रोड पर जाल बिछाकर आरोपी को दबोच लिया।

32 वर्षीय आरोपी अवनीश कुमार झा समता विहार, मुकंदपुर का रहने वाला है और 10वीं तक पढ़ा है। पूछताछ में उसने बताया कि किशोरावस्था में गलत संगत में पड़कर शराब का आदी हो गया था। नशे और खर्चों के लिए अपराधियों के साथ मिलकर अवैध हथियार रखने लगा और लूट की वारदातों को अंजाम देने लगा। 2017 में भलस्वा डेयरी के लूट केस में जेल गया। कोविड के दौरान जमानत पर छूटने के बाद सजा के डर से कोर्ट में पेश नहीं हुआ और लगातार ठिकाने बदलकर फरार रहा।

डीसीपी क्राइम ब्रांच हर्ष इंदौरा, IPS ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी से लंबित आपराधिक मामलों में आगे की कानूनी कार्रवाई में मदद मिलेगी। दिल्ली पुलिस न्यायिक प्रक्रियाओं का पालन सुनिश्चित करने और फरार अपराधियों को कानून के दायरे में लाने के लिए प्रतिबद्ध है।

“दिल्ली पुलिस – हमेशा सतर्क, हमेशा परवाह करने वाली, हमेशा आपके साथ”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *