नई दिल्ली, 23 सितंबर। पश्चिमी जिले की तिलक नगर थाना पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस ने एक आदतन चोर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी की एक एक्टिवा स्कूटी और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
हरेश्वर वी स्वामी डीसीपी वेस्ट डिस्ट्रिक्ट के मुताबिक, 20 सितंबर को हेड कांस्टेबल संदीप और कांस्टेबल प्रदीप गश्त पर थे, तभी सूचना मिली कि एक व्यक्ति चोरी की स्कूटी लेकर तिलक नगर फ्लाईओवर की तरफ आने वाला है। टीम ने तुरंत घेराबंदी कर संदिग्ध को दबोच लिया। आरोपी की पहचान अमित उर्फ राजू (24), निवासी सुभाष नगर के रूप में हुई।
जांच में पता चला कि बरामद स्कूटी नंबर DL10ST5473 थाना तिलक नगर के ई-एफआईआर नंबर 18855/26 में चोरी की थी। वहीं तलाशी में मिले दो मोबाइल – Vivo Y16 और Realme 14 Pro भी तिलक नगर थाने के दो अलग-अलग ई-एफआईआर में चोरी के निकले।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने स्कूटी कृष्णा पार्क इलाके से चुराई थी और बेचने जा रहा था। आरोपी पर पहले से 18 आपराधिक मामले दर्ज हैं।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई कर तीन चोरी के मामलों का खुलासा किया है।