थाना कश्मीरी गेट पुलिस ने यात्रियों को नशीला पदार्थ पिलाकर लूटने वाले शातिर चोर को किया गिरफ्तार

नई दिल्ली : बीते दिनांक 05 जून को शिकायतकर्ता दीपक ढिल्लोड़, निवासी वाल्मीकि नगर, विले पार्ले ईस्ट, मुंबई ने थाना कश्मीरी गेट में ऑनलाइन ई-एफआईआर संख्या 80046633/26, धारा 303(2) BNS के तहत शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में बताया कि दिनांक 30.05.26 को वह सोनीपत, हरियाणा जाने के लिए आईएसबीटी कश्मीरी गेट पर बस पकड़ने आया था। दोपहर करीब 03:30 बजे एक अज्ञात व्यक्ति दोस्ताना तरीके से मिला और उसे पीने के लिए फ्रूटी दी। फ्रूटी पीने के बाद वह बेहोश हो गया। होश आने पर उसने पाया कि उसकी 2 सोने की चेन लॉकेट सहित, 1 कलाई घड़ी, नकदी व दस्तावेजों वाला पर्स गायब था। उसे शक हुआ कि अज्ञात व्यक्ति ने फ्रूटी में नशीला पदार्थ मिलाकर उसे बेहोश किया।


राजा बंठिया IPS , डीसीपी नॉर्थ के मुताबिक आरोपी को पकड़ने और चोरी का सामान बरामद करने के लिए इंस्पेक्टर प्रशांत यादव, SHO/थाना कश्मीरी गेट के पर्यवेक्षण एवं एसीपी कोतवाली श्री शंकर बनर्जी के मार्गदर्शन में एक विशेष टीम गठित की गई। टीम का नेतृत्व SI नवीन सिंधु (प्रभारी, पीपी आईएसबीटी कश्मीरी गेट) ने किया, जिसमें HC अतुल प्रशर, HC विवेक, HC रोहताश और कांस्टेबल पीयूष शामिल थे।

टीम ने आईएसबीटी में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसमें एक व्यक्ति शिकायतकर्ता का सामान चुराते हुए दिखा। आरोपी की तस्वीरें निकालकर FRS सिस्टम से पहचान कराई गई। आरोपी की पहचान फिलिप उर्फ विक्की, उम्र 35 वर्ष, निवासी संत नगर बुराड़ी, दिल्ली (स्थायी पता: इंदिरा विकास कॉलोनी, मुखर्जी नगर, दिल्ली) के रूप में हुई।

सूचना संकलन व सूत्र तंत्र सक्रिय करने के बाद 19.06.2026 की शाम टीम को सूचना मिली कि आरोपी आईएसबीटी कश्मीरी गेट इलाके में घूम रहा है। टीम ने तुरंत जाल बिछाकर आरोपी को दबोच लिया। तलाशी लेने पर उसके पास से चार फ्रूटी टेट्रा पैक मिले – एक में नशीली गोलियां, दो सामान्य पैक और एक खाली पैक। उसकी निशानदेही पर आईपी कॉलोनी, स्वरूप नगर दिल्ली स्थित उसके किराए के कमरे से लोराजेपम आईपी 2 MG (एटीवान 2 MG) की कुल 30 गोलियां, शिकायतकर्ता के दस्तावेजों वाला काला पर्स, एक गुआनकिन कलाई घड़ी और वारदात के समय पहने गए कपड़े बरामद किए गए।


पूछताछ में आरोपी फिलिप उर्फ विक्की ने खुलासा किया कि वह आमतौर पर बस अड्डों जैसी जगहों पर घूमता था और दूसरे राज्यों से आने वाले भोले-भाले लोगों को निशाना बनाता था। वह दोस्ताना व्यवहार कर लोगों को नशीली गोलियां मिली हुई कोल्ड ड्रिंक पिलाता था। बेहोश होने पर उनका सामान व कीमती चीजें चुरा लेता था। उपरोक्त मामले में भी उसने इसी तरीके से वारदात को अंजाम दिया। आरोपी पिछले 21 सालों से अपराध कर रहा है और दिल्ली के विभिन्न थानों के 4 ऐसे ही मामलों में पहले भी शामिल रह चुका है।


फिलिप उर्फ विक्की, उम्र 35 वर्ष, निवासी संत नगर, बुराड़ी, दिल्ली (स्थायी पता: इंदिरा विकास कॉलोनी, निरंकारी कॉलोनी के पास, मुखर्जी नगर, दिल्ली) स्कूल ड्रॉपआउट है और शराब का आदी है। वह दिल्ली के अलग-अलग थानों के नशा खिलाकर चोरी के 4 मामलों में पहले भी संलिप्त रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *