नई दिल्ली, 13 सितंबर
दिल्ली पुलिस ने शनिवार को एक बार फिर अपनी नागरिक-केंद्रित पहल ‘थाना दिवस-जनसुनवाई’ का आयोजन किया। राजधानी में ब्रिक्स शिखर सम्मेलन को लेकर सुरक्षा के पुख्ता इंतजामों के बीच भी सभी 6 पुलिस रेंज के थानों में यह साप्ताहिक जनसुनवाई जारी रही।
पुलिस के अनुसार, शनिवार को आयोजित जनसुनवाई सत्रों के दौरान कुल 2,333 शिकायतों/परिवेदनाओं पर सुनवाई की गई।
इस दौरान संयुक्त पुलिस आयुक्त से लेकर सहायक पुलिस आयुक्त स्तर तक के वरिष्ठ अधिकारियों ने विभिन्न थानों में जनसुनवाई में भाग लिया। वरिष्ठ अधिकारियों की सीधी भागीदारी से आम नागरिकों को अपनी बात रखने का सीधा मंच मिला और शिकायतों के निस्तारण की प्रभावी निगरानी भी सुनिश्चित हुई।
गौरतलब है कि ‘थाना दिवस-जनसुनवाई’ पहल की शुरुआत जून 2026 में माननीय उपराज्यपाल, दिल्ली सरदार तरनजीत सिंह संधू के निर्देश पर की गई थी। दिल्ली पुलिस आयुक्त श्री अनुराग कुमार के नेतृत्व में इस पहल के तहत हर शनिवार सुबह 10:00 बजे से दोपहर 2:00 बजे तक नागरिकों को पुलिस से सीधे अपनी चिंताएं व्यक्त करने और सहायता प्राप्त करने के लिए एक मंच प्रदान किया जाता है।
इस पहल का मुख्य उद्देश्य पुलिस सेवाओं तक आम जन की पहुंच को आसान बनाना, जन-संपर्क को और मजबूत करना तथा जन शिकायतों का त्वरित एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना है।