दिल्ली : उपराज्यपाल ने दिल्ली ट्रैफिक पुलिस की नई अपग्रेडेड वेबसाइट का किया शुभारंभ

नागरिक सुविधा, आसान पहुंच और साइबर सुरक्षा पर केंद्रित है नया इंटरैक्टिव प्लेटफॉर्म

नई दिल्ली, 10 सितंबर: दिल्ली के माननीय उपराज्यपाल सरदार तरणजीत सिंह संधू ने आज दिल्ली ट्रैफिक पुलिस की अपग्रेडेड वेबसाइट का शुभारंभ किया। यह नई वेबसाइट नागरिकों को ट्रैफिक से जुड़ी जानकारी और सेवाएं ऑनलाइन प्राप्त करने के लिए एक सरल, इंटरैक्टिव, सूचनाप्रद और सुरक्षित माध्यम प्रदान करेगी।

इस अवसर पर दिल्ली के पुलिस आयुक्त श्री अनुराग कुमार, विशेष पुलिस आयुक्त (ट्रैफिक) श्री अजय चौधरी सहित संयुक्त पुलिस आयुक्त (ट्रैफिक), अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (ट्रैफिक) और सभी उपायुक्त (ट्रैफिक) उपस्थित रहे।

नई वेबसाइट को आम यात्रियों की रोजमर्रा की जरूरतों को ध्यान में रखकर डिजाइन किया गया है। यह पूरी तरह यूजर-फ्रेंडली है और इसे मोबाइल फोन, टैबलेट और अन्य डिवाइस पर आसानी से एक्सेस किया जा सकता है।

नई वेबसाइट की मुख्य विशेषताएं:

  1. टो की गई गाड़ियों की जानकारी ऑनलाइन: अब नागरिकों को अपनी टो की गई गाड़ी का पता लगाने के लिए दर-दर भटकने की जरूरत नहीं होगी। वेबसाइट पर ही वाहन का नंबर डालकर यह पता चल जाएगा कि वाहन किस टोइंग पिट में रखा गया है।
  2. चालान की जानकारी और QR से भुगतान: वेबसाइट पर वाहन नंबर डालते ही उस पर जारी सभी चालानों की जानकारी मिल जाएगी। साथ ही, नागरिक QR कोड के माध्यम से चालान की राशि का ऑनलाइन भुगतान भी कर सकेंगे।
  3. रूट और जाम की जानकारी: वेबसाइट पर यूजर्स सर्वोत्तम रूट और सड़कों पर भीड़-भाड़ / जाम की स्थिति की लाइव जानकारी प्राप्त कर सकेंगे।
  4. रोड सेफ्टी की पाठशाला: वेबसाइट पर एक इंटरैक्टिव लिंक दिया गया है, जहां आम नागरिक विभिन्न सड़क संकेतों और रोड मार्किंग का अर्थ आसानी से समझ सकेंगे, जिससे नियमों का पालन करना और भी आसान होगा।

वेबसाइट को फ्यूचर-रेडी प्लेटफॉर्म के रूप में विकसित किया गया है, ताकि भविष्य में दिल्ली ट्रैफिक पुलिस की नई सेवाओं और पहलों को आसानी से इसमें जोड़ा जा सके। इसमें उन्नत साइबर सुरक्षा उपाय भी शामिल किए गए हैं, जो एक सुरक्षित और विश्वसनीय डिजिटल इंटरफेस सुनिश्चित करेंगे।

इस अवसर पर बोलते हुए माननीय उपराज्यपाल ने कहा कि यह प्लेटफॉर्म केवल एक प्रशासनिक इंटरफेस बनकर न रह जाए, बल्कि सड़क सुरक्षा जागरूकता, नागरिक शिक्षा और सक्रिय नागरिक भागीदारी का एक इंटरैक्टिव हब बने। उन्होंने कहा कि तकनीक का उपयोग सार्वजनिक सेवाओं को नागरिकों के लिए अधिक सुलभ, कुशल और उत्तरदायी बनाने के लिए किया जाना चाहिए।

यह अपग्रेडेड वेबसाइट दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के उस निरंतर प्रयास को दर्शाती है, जिसमें तकनीक का उपयोग केवल जानकारी देने के लिए नहीं, बल्कि नागरिकों के लिए ट्रैफिक सेवाओं के साथ रोजमर्रा के संपर्क को सरल और सुविधाजनक बनाने के लिए किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *