दिल्ली: करोल बाग में विदेशी पर्यटक से 35 हजार की लूट, उबर बाइकर गिरफ्तार

दिल्ली के करोल बाग थाना पुलिस ने एक श्रीलंकाई पर्यटक से 35,000 रुपये लूटने वाले उबर बाइक चालक भुवनेश को गिरफ्तार किया है। वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल जब्त कर ली गई है और आरोपी के पास से 4,200 रुपये बरामद हुए हैं। सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी जांच के जरिए पुलिस ने मामले का तेजी से खुलासा किया।

रोहित राजवीर सिंह आईपीएस पुलिस उपायुक्त मध्य जिला ने बताया कि 16 जून 2026 को करोल बाग थाने में पीसीआर कॉल के जरिए 35,000 रुपये लूट की सूचना मिली थी। आपातकालीन अधिकारी एएसआई जितेंद्र तुरंत मौके पर पहुंचे। जांच में पता चला कि शिकायतकर्ता श्रीलंका के नागरिक हैं और करोल बाग के कॉस्मो होटल में ठहरे हुए हैं।

शिकायतकर्ता ने तड़के शांगरी-ला होटल से कॉस्मो होटल जाने के लिए उबर बाइक बुक की थी। होटल पहुंचने पर जब वह 75 रुपये किराया देने के लिए बटुआ निकाल रहे थे, तभी उबर चालक ने बटुए से 35,000 रुपये झपट लिए और मोटरसाइकिल से फरार हो गया।

इसके बाद करोल बाग थाने में एफआईआर संख्या 0710/2026, बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएचओ करोल बाग के नेतृत्व और एसीपी करोल बाग की निगरानी में एएसआई हितेंद्र, एचसी सुरेश और सिपाही खुशाल की टीम गठित की गई।

टीम ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। एक कैमरे में आरोपी मलका गंज की तरफ भागता दिखा। उबर से चालक और बाइक की डिटेल लेकर तकनीकी जांच की गई, जिससे लोकेशन रोशनारा रोड, घंटा घर मिली। पुलिस ने छापा मारकर आरोपी को दबोच लिया।

पूछताछ में आरोपी ने अपराध कबूल किया। उसने बताया कि होटल पर विदेशी पर्यटक को छोड़ने के बाद किराए के पैसे देते समय उसने बटुए में नोट देखे। लालच में आकर उसने पैसे छीन लिए और भाग गया।

आरोपी की निशानदेही पर 4,200 रुपये बरामद कर लिए गए हैं। बाकी रकम की बरामदगी के लिए आगे जांच जारी है।

पुलिस के अनुसार, आरोपी पहले पलवल, हरियाणा में मारपीट के एक मामले में शामिल पाया गया था। इसके पास से 4,200 रुपये नकद बरामद • वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल को जब्त कर लिया गया है। आगे मामले की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *