दिल्ली: मोहर्रम और ताजिया जुलूस के शांतिपूर्ण आयोजन के लिए सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट पुलिस द्वारा बैठक का आयोजन किया गया, जिसमें कई महत्वपूर्ण निर्णय लिये गए।

नई दिल्ली: सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट पुलिस ने आगामी 25 और 26 जून 2026 को होने वाले मोहर्रम ताजिया जुलूसों के शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित आयोजन को लेकर शनिवार को दरियागंज स्थित जीओ मेस में समन्वय बैठक आयोजित की। बैठक की अध्यक्षता एडिशनल डीसीपी, सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट ने की। इसमें एसडीपीओ, एसएचओ, ट्रैफिक यूनिट के इंस्पेक्टर, नागरिक एजेंसियों के प्रतिनिधि और ताजिया आयोजक शामिल हुए।

रोहित राजबीर सिंह, आईपीएस, पुलिस उपायुक्त, सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट ने बताया कि बैठक में ताजिया जुलूसों के रूट पर व्यापक सुरक्षा इंतजामों की समीक्षा की गई। आयोजकों ने लटकते केबल, ओवरहेड तारों और खराब सड़कों को लेकर चिंता जताई। पुलिस ने 16 फुट ऊंचे डमी ताजिया से संयुक्त रूट निरीक्षण कर सभी बाधाएं हटाने और सड़कों की मरम्मत के निर्देश दिए। ताजिया की ऊंचाई 16 फुट से अधिक न हो, यह सुनिश्चित करने को भी कहा गया।

नगर निगम को जुलूस मार्गों पर विशेष सफाई अभियान, कचरा हटाने और आवारा पशुओं की समस्या दूर करने के निर्देश दिए गए। BSES ने अंधेरे स्थानों पर रोशनी और निर्बाध बिजली आपूर्ति का भरोसा दिया। आपात स्थिति के लिए रणनीतिक जगहों पर टीमें तैनात रहेंगी।

दिल्ली फायर सर्विस प्रमुख स्थानों पर दमकल तैनात करेगी। अस्पतालों के समन्वय से एंबुलेंस और मेडिकल टीमें भी लगाई जाएंगी। आयोजकों को जुलूस के साथ प्राथमिक चिकित्सा दल रखने की सलाह दी गई।

भीड़ प्रबंधन के लिए हर ताजिया के साथ चलने वाले स्वयंसेवकों को पहचान पत्र जारी किए जाएंगे। आयोजकों को जुलूस में अनुशासन बनाए रखने और किसी भी तरह की राजनीतिक बयानबाजी से दूर रहने के निर्देश दिए गए।
ट्रैफिक प्लान और पुलिस की तैयारी
ट्रैफिक इंस्पेक्टरों को डायवर्जन और जाम प्रबंधन का विस्तृत प्लान बनाने को कहा गया। संवेदनशील इलाकों में ताजियों की आवाजाही को समन्वित करने पर जोर दिया गया ताकि आम लोगों और रेल यात्रियों को परेशानी न हो।

सभी एसडीपीओ और एसएचओ को पब्लिक अनाउंसमेंट सिस्टम, वीडियोग्राफी और अन्य लॉजिस्टिक तैयार रखने के निर्देश दिए गए। रूट की एडवांस जांच कर अवैध रूप से खड़े वाहनों को हटाया जाएगा।

बैठक के अंत में सभी एजेंसियों ने समन्वय के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त करने और मोहर्रम के शांतिपूर्ण आयोजन के प्रति प्रतिबद्धता जताई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *