नई दिल्ली, 21 जुलाई
बाहरी जिले की पश्चिम विहार ईस्ट थाना पुलिस ने झपटमारी के एक मामले को सुलझाते हुए दो शातिर झपटमारों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी आदतन अपराधी हैं।
पुलिस के अनुसार, 25 जून को एक युवती डांस क्लास जा रही थी। शिवा एन्क्लेव के पास मेट्रो स्टेशन से उतरते ही स्कूटी सवार दो बदमाशों ने उसका मोबाइल फोन झपट लिया और फरार हो गए। इस संबंध में थाना पश्चिम विहार ईस्ट में एफआईआर नं. 197/26 दर्ज की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए SHO इंस्पेक्टर अनिल यादव के नेतृत्व में HC ओमवीर, HC नीरज, HC कुलदीप और HC राकेश की टीम गठित की गई। एसीपी राजबीर लांबा की देखरेख में टीम ने घटनास्थल के आसपास के CCTV फुटेज खंगाले और स्कूटी का नंबर ट्रेस किया।
गश्त के दौरान पुलिस ने उसी नंबर की स्कूटी पर सवार दो संदिग्धों को देखा। भागने की कोशिश में उन्हें दबोच लिया गया। आरोपियों की पहचान शिवम उर्फ सिब्बू (22) निवासी उत्तम नगर और अभिषेक उर्फ मोटा (22) निवासी कराला के रूप में हुई।
पूछताछ में दोनों ने वारदात कबूल ली। इनके पास से वारदात में इस्तेमाल स्कूटी और एक चोरी की मोटरसाइकिल बरामद हुई है। चोरी की मोटरसाइकिल ई-एफआईआर नं. 015855/26 से जुड़ी है।
जांच में पता चला कि अभिषेक 20 से अधिक और शिवम 5 आपराधिक मामलों में पहले भी शामिल रहा है। छीना गया मोबाइल फोन की तलाश जारी है।