15 अगस्त, देश का सबसे बड़ा पर्व। और हर साल की तरह इस बार भी सारी निगाहें दिल्ली के लाल किले पर टिकी हैं। लाल किले की प्राचीर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 12वीं बार तिरंगा फहराएंगे और देश को संबोधित करेंगे। इस बार समारोह को और भी भव्य बनाने की तैयारी है।
सुरक्षा से लेकर फ्लाईपास्ट तक, सबकुछ मिनट-टू-मिनट तय हो चुका है। तो चलिए, 15 अगस्त की सुबह लाल किले पर क्या-क्या होने वाला है, आसान भाषा में समझते हैं।
सुबह-सुबह लाल किले पर हलचल शुरू
6:50 बजे – सबसे पहले ‘गार्ड ऑफ ऑनर’ की टुकड़ी अपनी पोजीशन ले लेगी। यहीं से दिन की शुरुआत होगी।
6:55 बजे – रक्षा सचिव लाल किले पहुंचेंगे और प्राचीर के नीचे अपने निर्धारित स्थान पर जाएंगे।
6:56 से 7:00 बजे – देश की सुरक्षा के सबसे बड़े चेहरे एक-एक कर पहुंचेंगे – तीनों सेनाओं के प्रमुख और CDS।
7:05 बजे – रक्षा राज्य मंत्री समारोह स्थल पर पहुंचेंगे।
7:11 बजे – रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह का आगमन होगा।
7:18 बजे – पीएम मोदी की एंट्री
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ठीक 7:18 बजे लाल किले के ऐतिहासिक लाहौरी गेट पर पहुंचेंगे। गेट पर ही रक्षा मंत्री, रक्षा राज्य मंत्री और रक्षा सचिव उनका स्वागत करेंगे।
यहां रक्षा सचिव पीएम का परिचय जीओसी दिल्ली एरिया से कराएंगे। फिर पीएम जीओसी के साथ गार्ड ऑफ ऑनर का निरीक्षण करेंगे। निरीक्षण के बाद वो सीधे प्राचीर की ओर बढ़ेंगे, जहां प्राचीर पर रक्षा मंत्री, CDS और तीनों सेनाध्यक्ष फिर से उनका स्वागत करेंगे।
7:30 बजे – वो पल जिसका सबको इंतजार है
और फिर आएगा वो ऐतिहासिक क्षण।
7:30 बजे – ‘वंदे मातरम’ और राष्ट्रीय गीत की गूंज के बीच पीएम मोदी तिरंगा फहराएंगे।
जैसे ही तिरंगा ऊपर जाएगा –
- जवान राष्ट्रीय सलामी देंगे
- • सैन्य बैंड राष्ट्रगान बजाएगा
- • 21 तोपों की सलामी से पूरा लाल किला गूंज उठेगा
- • ठीक उसी वक्त भारतीय वायुसेना के Mi-17 हेलिकॉप्टर लाल किले के ऊपर से फ्लाईपास्ट करेंगे। इन हेलिकॉप्टरों पर तिरंगा और ऑपरेशन सिंदूर के प्रतीक वाले झंडे लगे होंगे और वो नीचे बैठे 5000 खास मेहमानों पर फूलों की बारिश करेंगे।
इस बार 5000 मेहमानों में विशेष अतिथि, युवा, किसान और विभिन्न क्षेत्रों के लोग शामिल होंगे।
7:36 बजे – लाल किले से पीएम का संबोधन
ध्वजारोहण के बाद 7:36 बजे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश को संबोधित करना शुरू करेंगे। देश उनकी बातों को सुनने के लिए बेसब्री से इंतजार कर रहा है।
भाषण खत्म होने के बाद एक बार फिर राष्ट्रीय गीत और राष्ट्रगान होगा और आसमान में तिरंगे के रंगों वाले गुब्बारे छोड़े जाएंगे।
समापन
कार्यक्रम खत्म होने के बाद पीएम मोदी प्राचीर से नीचे आएंगे। रक्षा मंत्री, CDS और तीनों सेनाध्यक्ष उन्हें विदा करेंगे। फिर रक्षा सचिव और जीओसी दिल्ली एरिया के साथ पीएम लाल किले से प्रस्थान करेंगे।