नई दिल्ली। राजधानी के पहाड़गंज इलाके में 19 सितंबर शनिवार दोपहर मामूली झगड़े के बाद चाकूबाजी की घटना सामने आई है। घटना में दो लोग घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, आज 19.सितंबर 2026 को दोपहर करीब 12:39 बजे थाना पहाड़गंज में पीसीआर कॉल प्राप्त हुई कि सत्यम टी-पॉइंट, मेन बाजार, पहाड़गंज में चाकू मारने की घटना हुई है। सूचना मिलते ही थाना पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची।
प्रारंभिक जांच में पता चला कि एक व्यक्ति श्री राम के साथ हुए झगड़े के दौरान दो लोगों को चाकू से घायल कर दिया गया।
घायलों की पहचान एस., उम्र करीब 41 वर्ष, ऑटो-रिक्शा चालक और दूसरा एस., उम्र करीब 40 वर्ष, होटल में कमरा दिलाने का काम करने वाला एजेंट/फैसिलिटेटर के रूप में हुई है।
दोनों घायलों को मौके पर मौजूद लोगों ने निजी वाहन से एलएचएमसी अस्पताल पहुंचाया। जांच में दोनों के पेट पर चाकू के घाव पाए गए हैं और फिलहाल दोनों का इलाज चल रहा है।
प्रारंभिक पूछताछ के अनुसार, झगड़े के दौरान श्री राम ने ही दोनों पर चाकू से हमला किया था।
पुलिस ने बताया कि इस संबंध में हत्या के प्रयास की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया जा रहा है। आरोपी की तलाश की जा रही है और मामले में आगे की जांच जारी है।