दिल्ली के मध्य जिला पुलिस की नशा मुक्त भारत अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई: अवैध शराब तस्करी के एक बड़े प्रयास को किया नाकाम

नई दिल्ली, 30 जुलाई 2026

मध्य जिला के स्पेशल स्टाफ और आनंद पर्वत थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने अवैध शराब तस्करी के एक बड़े प्रयास को नाकाम किया है। पुलिस ने हरियाणा से दिल्ली में शराब ला रहे एक सप्लायर को गिरफ्तार कर 400 क्वार्टर देसी शराब और तस्करी में इस्तेमाल हो रही टाटा नेक्सन कार जब्त की है।

पुलिस के अनुसार, 29 जुलाई को गुप्त सूचना मिली थी कि एक सफेद रंग की टाटा नेक्सन (HR10AH**) में हरियाणा से अवैध शराब दिल्ली लाई जा रही है। सूचना पर इंस्पेक्टर संदीप यादव के नेतृत्व में रामलीला पार्क, सब्जी मंडी, नेहरू नगर के पास जाल बिछाया गया। करीब 30 मिनट बाद संदिग्ध कार आते ही पुलिस ने उसे रोकने का इशारा किया, तो चालक भागने लगा जिसे पीछा कर दबोच लिया गया।

तलाशी में कार से 8 पेटियों में रखे 400 क्वार्टर “फाल्कन संतरा देसी शराब” बरामद हुए, जिन पर “केवल हरियाणा में बिक्री के लिए” अंकित था।

आरोपी की पहचान जतिन (28), निवासी सोनीपत, हरियाणा के रूप में हुई है। पूछताछ में उसने माना कि वह आसान पैसे के लिए हरियाणा से शराब लाकर दिल्ली में सप्लाई करता था।

इस संबंध में थाना आनंद पर्वत में आबकारी अधिनियम की धारा 33/58 के तहत FIR No. 410/2026 दर्ज की गई है। पुलिस अब इसके सोर्स और नेटवर्क की तलाश कर रही है।

यह कार्रवाई एसीपी पदम सिंह राणा के पर्यवेक्षण में की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *