नई दिल्ली। रोहिणी सेक्टर-23, डीडीए ग्राउंड के पास 19 वर्षीय युवक की चाकू मारकर हत्या के ब्लाइंड केस को दिल्ली पुलिस ने 24 घंटे में सुलझा लिया है।
पुलिस के अनुसार 13 जुलाई को पीसीआर कॉल पर बेगमपुर थाने की टीम मौके पर पहुंची तो युवक का शव झाड़ियों में पड़ा मिला। मृतक की पहचान चंदन (19) के रूप में हुई जो रिठाला में नौकरी करता था।
रोहिणी जिले की एंटी रॉबरी एंड स्नैचिंग सेल (ARSC) और बेगमपुर थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई में तकनीकी निगरानी और छापेमारी कर पांच आरोपियों – कान्हा चौहान (18), अमृत (18), अकबर (20), गिरीश (24) और अमन (25) को गिरफ्तार किया।
पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल दो चाकू, मृतक का मोबाइल और आरोपियों के पांच मोबाइल बरामद किए हैं। बेगमपुर थाने में हत्या का मामला दर्ज कर जांच जारी है।