दिल्ली क्राइम ब्रांच को बड़ी कामयाबी: एक लाख का इनामी भगोड़ा फिरोज गिरफ्तार

नाबालिग से दुष्कर्म व मानव तस्करी का आरोपी गुरुग्राम से दबोचा गया

नई दिल्ली, 5 जुलाई 2026
दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच (एनडीआर) ने नाबालिग लड़की की तस्करी और यौन शोषण के मामले में फरार चल रहे एक लाख रुपये के इनामी भगोड़े फिरोज को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी पर अपहरण, दुष्कर्म, आपराधिक धमकी और मानव तस्करी समेत पॉक्सो एक्ट की गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज था।

पुलिस के मुताबिक 2022 में पीड़िता तुगलकाबाद एक्सटेंशन की एक फैक्ट्री में पर्स बनाने का काम सीख रही थी। वहीं उसकी मुलाकात आरोपी फिरोज से हुई। आरोप है कि फिरोज ने बहला-फुसलाकर पीड़िता को अलग-अलग जगहों पर ले जाकर शादी का झांसा दिया और शारीरिक संबंध बनाए। इसके बाद उसने धोखे से पीड़िता की शादी झुंझुनू, राजस्थान में 2 लाख रुपये लेकर दूसरे व्यक्ति से करवा दी। पीड़िता को धमकी दी गई कि अगर उसने किसी को बताया तो अंजाम बुरा होगा। परिवार से संपर्क होने पर पुलिस ने उसे बचाकर परिजनों को सौंपा। मेडिकल जांच में यौन शोषण की पुष्टि हुई। इस मामले में गोविंदपुरी थाने में एफआईआर नं. 091/2023 धारा 363/366A/376/506/370 आईपीसी और पॉक्सो एक्ट की धारा 6 के तहत केस दर्ज किया गया था।

इस मामले में वारदात के बाद से मुख्य आरोपी फिरोज फरार था। कोर्ट ने 18 दिसंबर 2025 को उसे भगोड़ा घोषित किया था और दिल्ली पुलिस ने उस पर 1 लाख रुपये का इनाम घोषित किया था।

क्राइम ब्रांच की एनडीआर, आर.के. पुरम टीम को आरोपी को पकड़ने का जिम्मा सौंपा गया। एसीपी उमेश बर्थवाल की देखरेख में इंस्पेक्टर विवेक मलिक के नेतृत्व में एसआई सम्राट, प्रदीप कुमार, अनिल कुमार, तनिष कुमार, शुभेंदु शर्मा, उमरदीन तथा हेड कांस्टेबल सुधीर, सत्यपाल, सुशील, दीपक, ओम प्रकाश और घनश्याम की टीम बनाई गई। •

जांच में पता चला कि आरोपी मूल रूप से मुजफ्फरपुर, बिहार का रहने वाला है। पुलिस टीम बिहार गई, लेकिन वह गांव छोड़ चुका था। हेड कांस्टेबल सुधीर और सत्यपाल के तकनीकी विश्लेषण से आरोपी का ठिकाना गुरुग्राम, हरियाणा में ट्रेस हुआ। छापेमारी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया है।

डीसीपी क्राइम ब्रांच चंद्र कुमार सिंह, आईपीएस ने बताया कि आरोपी से आगे की पूछताछ जारी है। अन्य साथियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

क्राइम ब्रांच की इस कार्रवाई से एक वांछित अपराधी को न्याय के कटघरे में लाया जा सका है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *