दिल्ली पुलिस की गिरफ्त में फरार अपराधी : 15 मामलों में लिप्त घोषित अपराधी को रघुबीर नगर पुलिस ने दबोचा

पश्चिमी दिल्ली पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। रघुबीर नगर पुलिस चौकी, थाना ख्याला की टीम ने 15 आपराधिक मामलों में शामिल एक घोषित अपराधी (पीओ) करण उर्फ बोची को गिरफ्तार किया है। आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था।


दिल्ली पुलिस पश्चिम जिला द्वारा फरार अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर रघुबीर नगर पुलिस चौकी के स्टाफ ने निगरानी और खुफिया जानकारी जुटाना तेज कर दिया था।

इसी दौरान टीम को गुप्त सूचना मिली कि राजौरी गार्डन थाने के एफआईआर नंबर 828/2021, धारा 25/54/59 आर्म्स एक्ट में वांछित घोषित अपराधी करण उर्फ बोची इलाके में छिपा है। आरोपी को माननीय न्यायालय द्वारा 07 अक्टूबर 2024 को भगोड़ा घोषित किया गया था।

कैसे हुई गिरफ्तारी
सूचना मिलते ही एसआई किशोर प्रसाद मीना, प्रभारी पुलिस चौकी रघुबीर नगर, के नेतृत्व में हेड कांस्टेबल जितेंद्र कुमार और हेड कांस्टेबल रविंद्र की टीम गठित की गई। इंस्पेक्टर विनोद कुमार, एसएचओ थाना ख्याला, और एसीपी तिलक नगर डॉ. गरिमा तिवारी की देखरेख में टीम ने जाल बिछाकर आरोपी को धर दबोचा।

पुलिस के अनुसार, आरोपी करण उर्फ बोची पहले भी लूट सहित 15 संगीन आपराधिक मामलों में शामिल रहा है। उसकी गिरफ्तारी के बाद कानूनी औपचारिकताएं पूरी कर उसे जेल भेज दिया गया है।

डीसीपी पश्चिम जिला, हरीश्वर वी. स्वामी, आईपीएस ने बताया कि फरार अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। मामले में आगे की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *