नई दिल्ली, 10 अगस्त: मध्य जिला पुलिस ने प्रतिबंधित चाइनीज/मोनोफिलामेंट मांझे के खिलाफ संयुक्त अभियान चलाते हुए 5 लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने अलग-अलग कार्रवाई में कुल 45 रील/चरखियां बरामद की हैं।
डीसीपी सेंट्रल रोहित राजबीर सिंह के निर्देश पर 09 अगस्त की रात थाना जामा मस्जिद, हौज काजी, कमला मार्केट और आईपी एस्टेट की टीमों ने गश्त और चेकिंग के दौरान ये कार्रवाई की।
जामा मस्जिद इलाके में उर्दू पार्क के पास मो. रिजवान (34) से 2 रील, हौज काजी में एक्सलर सिनेमा के पास मो. अजीम (20) से 29 रील और फाजिल रोड से मो. समीम (50) से 3 रील बरामद हुईं। वहीं कमला मार्केट में अजमेरी गेट से दुकानदार अब्दुल कलाम (46) से 9 चरखियां और आईपी एस्टेट में मीर दर्द रोड से मो. आरिफ (37) से 2 चरखियां बरामद की गईं।
सभी के खिलाफ BNS की धारा 223(a)/(b) और पर्यावरण संरक्षण अधिनियम के तहत मामले दर्ज किए गए हैं। आरोपी समीम ने पूछताछ में बताया कि वह सदर बाजार से मांझा लाकर चौरासी घंटा में बेचता था। पुलिस सप्लाई चेन की जांच कर रही है।