दिल्ली में शास्त्री पार्क पुलिस ने 24 घंटे में सुलझाई लूट की गुत्थी, दो लुटेरे गिरफ्तार

नई दिल्ली। नॉर्थ-ईस्ट जिले के थाना शास्त्री पार्क पुलिस ने लूट की वारदात का 24 घंटे के अंदर खुलासा करते हुए दो बदमाशों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से लूटा गया मोबाइल फोन और वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल बरामद की गई है।

पुलिस के अनुसार, 27 जुलाई को सुबह करीब 04:45 बजे शिकायतकर्ता सुहैल आलम मालवीय नगर से काम खत्म कर बाइक से घर लौट रहे थे। शास्त्री पार्क में जीटी रोड कट, देहरादून हाईवे लूप के पास दो बाइकों पर सवार चार बदमाशों ने उन्हें घेर लिया। एक बाइक गलत साइड से आई और पीछे बैठे बदमाश ने लात मारकर सुहैल को गिरा दिया। इसके बाद चाकू की नोक पर उनके बैग से 5 हजार रुपये नकद और मोबाइल फोन लूटकर बदमाश खजूरी की ओर फरार हो गए।

इस संबंध में थाना शास्त्री पार्क में FIR No. 221/2026, धारा 309(4)/3(5) BNS के तहत मामला दर्ज किया गया।

एसीपी सीलमपुर मलकियत सिंह के निर्देशन और एसएचओ शास्त्री पार्क इंस्पेक्टर मंजीत तोमर के नेतृत्व में SI शुभम, SI सौरभ, HC लक्ष्य, कांस्टेबल जॉनी व तारा की टीम गठित की गई। टीम ने तकनीकी सर्विलांस, सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर तंत्र की मदद से दो आरोपियों को दबोच लिया।

गिरफ्तार आरोपी:

  1. नीरज चंदर दास उर्फ नेपाली (22) निवासी खजूरी खास, दिल्ली – पहले से 5 आपराधिक मामलों में शामिल।
  2. गौतम (22) निवासी भटिया मोड़, गाजियाबाद, यूपी।

पूछताछ में दोनों ने वारदात कबूली। पुलिस फरार दो अन्य साथियों की तलाश कर रही है और लूटी गई नकदी बरामद करने का प्रयास जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *