दिल्ली : वजीराबाद में चाकू की नोक पर लूट का मामला सुलझा, 4 नाबालिग पकड़े

नई दिल्ली, 12 नवंबर 2026

उत्तर जिले के वजीराबाद थाना पुलिस ने चाकू की नोक पर 5 मोबाइल फोन और नकदी लूटने के मामले को सुलझाते हुए 4 नाबालिगों को पकड़ा है। इस वारदात में विरोध करने पर 20 साल के युवक को चाकू मारकर घायल कर दिया गया था।

पुलिस के अनुसार, 6 नवंबर 2026 को शाम करीब 6:30 बजे बुराड़ी पुस्ता ग्राउंड के पास जय कुमार (20) अपने 6 दोस्तों के साथ मौजूद था। तभी 4-5 अज्ञात युवक वहां पहुंचे, चाकू दिखाकर धमकाया और 5 मोबाइल फोन व नकदी लूट ली।

शिकायतकर्ता ने जब अपना फोन देने से मना किया तो एक आरोपी ने उसकी बाईं जांघ के पीछे चाकू मार दिया। इसके बाद आरोपी मिलन विहार की तरफ भाग गए। घायल को पीसीआर स्टाफ ने अरुणा आसफ अली अस्पताल पहुंचाया।

इस मामले में 9 नवंबर 2026 को थाना वजीराबाद में FIR No. 513/2026, धारा 309(4)/309(6)/311/3(5) BNS के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू की गई।

सीसीटीवी और मुखबिर की मदद से पकड़े गए आरोपी

मामले की गंभीरता को देखते हुए SHO वजीराबाद इंस्पेक्टर प्रशांत आनंद की देखरेख और ACP बुराड़ी मनोज कुमार के मार्गदर्शन में SI विपिन, HC विनय, HC राजेंद्र और HC परमवीर की टीम बनाई गई।

टीम ने इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और तकनीकी विश्लेषण व स्थानीय मुखबिरों की सूचना के आधार पर 16 से 17 साल के 4 नाबालिगों की पहचान कर उन्हें पकड़ लिया।

जांच में सामने आया कि आरोपी 6 नवंबर को बंगाली कॉलोनी, बुराड़ी में मिले थे और लूट की योजना बनाकर स्कूल के सामने वाले ग्राउंड पर पहुंचे थे। वहां उन्होंने पीड़ितों को चाकू की नोक पर धमकाकर फोन और नकदी लूटी। विरोध करने पर एक आरोपी ने शिकायतकर्ता की जांघ में चाकू मारकर उसका फोन छीन लिया।

पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल किया गया चाकू भी बरामद कर लिया है।

2 साथी अभी फरार

पुलिस के अनुसार, इस वारदात में शामिल 2 अन्य साथी अभी फरार हैं। उनकी तलाश के लिए प्रयास तेज कर दिए गए हैं। टीम तकनीकी और स्थानीय सूत्रों से मिले सुरागों पर आगे की जांच कर रही है, ताकि पूरी घटना का क्रम और सभी आरोपियों की भूमिका स्पष्ट हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *