नई दिल्ली : मध्य जिले की डीबीजी रोड थाना पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। पीपी सिद्धिपुरा की टीम ने मोबाइल स्नैचिंग की वारदात को अंजाम देने वाले एक शातिर स्नैचर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल टीवीएस एनटॉर्क स्कूटी बरामद कर ली गई है।
बीते 17 सितंबर 2026 को शिकायतकर्ता सुबह करीब 7 बजे ISBT से पहाड़गंज की ओर रानी झांसी रोड से जा रहा था। फिल्मिस्तान के पास वह रैपिडो बुक करने के लिए रुका और अपना OnePlus 11R मोबाइल इस्तेमाल करने लगा। तभी स्कूटी सवार दो बदमाशों ने उसका मोबाइल छीन लिया और फरार हो गए। इस संबंध में थाना डीबीजी रोड में FIR No. 340/2026, धारा 304(2)/3(5) BNS के तहत मामला दर्ज किया गया था।
इंस्पेक्टर रणधीर सिंह, SHO/DBG रोड और ACP पहाड़गंज शौरभ ए. नरेंद्र, IPS के निर्देशन में SI विवेक सिंह, इंचार्ज पीपी सिद्धिपुरा के नेतृत्व में टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और तकनीकी जांच व मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपी की पहचान कर छापा मारकर उसे गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी रजत (25), निवासी सुंदर विहार, पश्चिम विहार, दिल्ली का रहने वाला है।
पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया कि उसने आसानी से पैसा कमाने के लालच में वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस उसके साथी की तलाश और लूटा गया मोबाइल बरामद करने के प्रयास कर रही है।