द्वारका सेक्टर-23 पुलिस की बड़ी कामयाबी: अमेजन डिलीवरी ट्रक से मोबाइल चुराने वाले 3 आरोपी गिरफ्तार, 1.5 करोड़ के 604 नए वीवो फोन बरामद

नई दिल्ली, 3 जुलाई 2026: द्वारका जिला के थाना सेक्टर-23 की पुलिस टीम ने अमेजन के डिलीवरी ट्रक से वीवो मोबाइल फोन चुराने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए 3 शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए 604 बिल्कुल नए वीवो मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं, जिनकी कीमत लगभग 1.5 करोड़ रुपये आंकी गई है

कुशल पाल सिंह, डीसीपी , द्वारका डिस्ट्रिक्ट के मुताबिक 20 जून को वेयरहाउस मैनेजर रवि की शिकायत पर थाना सेक्टर-23 द्वारका में ई-एफआईआर संख्या 80050773/2026 धारा 303(2)/316(4)/3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया था। शिकायत के अनुसार, अमेजन गुरुग्राम, हरियाणा भेजे जाने के लिए ट्रक में लगभग 4,500 नए वीवो मोबाइल फोन लोड किए गए थे। रास्ते में ट्रक ड्राइवर ने अपने साथियों के साथ मिलकर करीब 1,500 मोबाइल फोन चोरी कर लिए और बाकी माल समेत ट्रक को गुरुग्राम में लावारिस छोड़कर फरार हो गया।


इस मामले की जांच के लिए इंस्पेक्टर बिजेंदर छिल्लर, एसएचओ थाना सेक्टर-23 द्वारका के नेतृत्व में और एसीपी द्वारका किशोर कुमार रेवाला के मार्गदर्शन में एक विशेष टीम गठित की गई। टीम में एएसआई मंगतू राम, एचसी शेर सिंह, एचसी विक्की, एचसी संजय, एचसी अनिल और कांस्टेबल राजेश शामिल थे।

जांच के दौरान पुलिस टीम ने संदिग्ध रूट पर लगे 200 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का बारीकी से विश्लेषण किया। तकनीकी और मैनुअल जांच के आधार पर चोरी के मोबाइल ले जाने में इस्तेमाल पिकअप वाहन की पहचान की गई।

आगे की जांच में पता चला कि उत्तर प्रदेश के थाना नॉलेज पार्क पुलिस ने उक्त पिकअप वाहन और कुछ चोरी के मोबाइल पहले ही 3 आरोपियों के कब्जे से बरामद कर लिए थे।

इस मामले में पंकज @ धीरेंद्र, पुत्र देवेंद्र सिंह, निवासी गांव नगला फरीद, जिला एटा, उत्तर प्रदेश , आनंद @ रुद्रेश, पुत्र देवेंद्र सिंह, निवासी गांव नगला फरीद, जिला एटा, उत्तर प्रदेश और. मोहित @ पुंडीर, पुत्र संतोष, निवासी गांव टिकरी कलां, जिला हाथरस, उत्तर प्रदेश को गिरफ्तार किया है।

प्रोडक्शन वारंट पर तीनों आरोपियों को इस मामले में गिरफ्तार कर पूछताछ की गई। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस टीम ने जिला बुलंदशहर, उत्तर प्रदेश के गांव भिघेपुर स्थित एक बगीचे में छापा मारकर वहां छिपाए गए 604 नए वीवो मोबाइल फोन बरामद किए।

पूछताछ में सामने आया कि आरोपी आदतन अपराधी हैं। इनका तरीका ट्रांजिट के दौरान उच्च मूल्य के इलेक्ट्रॉनिक सामान की खेप को निशाना बनाना है। ये वाहनों से सामान चोरी कर अपने साथियों के जरिए माल ठिकाने लगाते हैं। जांच में पता चला कि तीनों आरोपी पहले भी विभिन्न राज्यों में मोबाइल खेप चोरी के मामलों में शामिल रहे हैं।

पुलिस को इनसे गिरोह के अन्य सदस्यों के बारे में भी अहम सुराग मिले हैं। बाकी आरोपियों की गिरफ्तारी और शेष माल की बरामदगी के प्रयास जारी हैं।


पुलिस हिरासत रिमांड के दौरान 604 मोबाइल फोन की बरामदगी जांच में एक बड़ी सफलता है। यह थाना सेक्टर-23 द्वारका के स्टाफ के पेशेवर और लगातार प्रयासों को दर्शाता है। उत्तर प्रदेश पुलिस के साथ त्वरित समन्वय, व्यापक सीसीटीवी विश्लेषण और आरोपियों से लगातार पूछताछ के चलते चोरी का बड़ा हिस्सा बरामद किया जा सका।मामले में आगे की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *