वरिष्ठ संवाददाता अशोक कुमार निर्भय / मणि आर्य
नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली के मालवीय नगर स्थित हौज रानी इलाके में एक ‘बेड एंड ब्रेकफास्ट’ (बी एंड बी) इकाई में हुए भीषण अग्निकांड के बाद दिल्ली सरकार ने अवैध रूप से संचालित हो रहे गेस्ट हाउसों और बी एंड बी प्रतिष्ठानों के खिलाफ सख्त रुख अपनाने के संकेत दिए हैं। इसी क्रम में करोल बाग विधानसभा क्षेत्र के विधायक विशेष रवि ने पहाड़गंज और करोल बाग क्षेत्र में नियमों की धज्जियां उड़ाकर संचालित किए जा रहे अवैध बी एंड बी, गेस्ट हाउसों और स्पा सेंटरों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की मांग उठाई है।
दिल्ली के गृह मंत्री आशीष सूद ने हौज रानी अग्निकांड स्थल का निरीक्षण करते हुए दिल्ली भर में ‘बेड एंड ब्रेकफास्ट’ योजना के तहत चल रहे ऐसे सभी प्रतिष्ठानों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए हैं जो अवैध रूप से संचालित हो रहे हैं या निर्धारित नियमों का पालन नहीं कर रहे हैं। घटनास्थल पर दिल्ली अग्निशमन सेवा, जिला प्रशासन, पुलिस और अन्य नागरिक एजेंसियों के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक के दौरान प्रारंभिक जांच में कई गंभीर अनियमितताएं सामने आईं। इनमें बिना अनुमति व्यावसायिक विस्तार, अवैध रूप से अतिरिक्त कमरे बनाना, आपातकालीन निकास मार्गों को अवरुद्ध करना तथा बी एंड बी नीति के तहत प्राप्त अनुमतियों का दुरुपयोग शामिल है।
इसी मुद्दे को आधार बनाते हुए करोल बाग से आम आदमी पार्टी के विधायक विशेष रवि ने एमसीडी करोल बाग जोन के डिप्टी कमिश्नर से मुलाकात कर विस्तृत ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में उन्होंने आरोप लगाया कि पहाड़गंज और करोल बाग क्षेत्र में बड़ी संख्या में ऐसे होटल, गेस्ट हाउस और बी एंड बी इकाइयां संचालित हो रही हैं जो नियमों को ताक पर रखकर काम कर रही हैं। उन्होंने कहा कि कई स्थानों पर आवासीय क्षेत्रों को व्यावसायिक गतिविधियों में परिवर्तित कर दिया गया है, जिससे स्थानीय निवासियों को गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
विशेष रवि ने अपने ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया कि पहाड़गंज की लगभग हर गली में अवैध रूप से स्पा सेंटर संचालित किए जा रहे हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि इनमें से कई स्पा सेंटरों में स्पा सेवाओं की आड़ में अनैतिक गतिविधियां और जिस्मफरोशी का कारोबार खुलेआम चल रहा है। इससे क्षेत्र का सामाजिक वातावरण प्रभावित हो रहा है और परिवारों, महिलाओं तथा वरिष्ठ नागरिकों को असुरक्षा की भावना का सामना करना पड़ रहा है।
विधायक के अनुसार शाम होते ही कई गलियों और सड़कों पर असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लगना शुरू हो जाता है, जिसके कारण स्थानीय लोगों का घरों से निकलना तक मुश्किल हो जाता है। निवासियों ने शिकायत की है कि बार-बार शिकायतें करने के बावजूद संबंधित विभागों और प्रशासनिक एजेंसियों की ओर से प्रभावी कार्रवाई नहीं की जा रही है। यही कारण है कि क्षेत्र में लोगों के बीच भारी रोष व्याप्त है।
क्राइम हिलोरे न्यूज से बातचीत के दौरान विधायक विशेष रवि ने कहा कि राजधानी के सबसे व्यस्त और ऐतिहासिक क्षेत्रों में शामिल पहाड़गंज में कानून व्यवस्था और नागरिक सुरक्षा से जुड़े मुद्दों को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। उन्होंने मांग की कि सभी बी एंड बी इकाइयों, गेस्ट हाउसों और स्पा सेंटरों की व्यापक जांच कराई जाए तथा जिन प्रतिष्ठानों के पास वैध लाइसेंस, अग्नि सुरक्षा प्रमाणपत्र और अन्य आवश्यक अनुमतियां नहीं हैं, उन्हें तत्काल बंद किया जाए।
स्थानीय नागरिकों का भी कहना है कि यदि समय रहते प्रशासन ने प्रभावी कदम नहीं उठाए तो भविष्य में किसी बड़ी दुर्घटना या कानून व्यवस्था की समस्या से इनकार नहीं किया जा सकता। अब लोगों की निगाहें दिल्ली सरकार, नगर निगम, पुलिस और संबंधित विभागों पर टिकी हैं कि वे अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने और क्षेत्र में कानून का राज स्थापित करने के लिए कितनी तत्परता से कार्रवाई करते हैं।