बहन की हत्या कर भाग रहा भाई देसी पिस्टल समेत दबोचा गया

नॉर्थ-ईस्ट जिले के गौतमपुरी में बहन की गोली मारकर हत्या करने वाले आरोपी भाई को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के अनुसार, 17 जुलाई को थाना न्यू उस्मानपुर में गली नंबर 17, गौतमपुरी में एक महिला की हत्या की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची टीम ने 32 वर्षीय वसीमा पत्नी इरशाद का शव बरामद किया, जिसे गोली मारी गई थी। क्राइम और फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस संबंध में थाना न्यू उस्मानपुर में FIR No. 483/26, धारा 103(1) BNS के तहत मामला दर्ज किया गया।

इसी दौरान थाना जाफराबाद के हेड कांस्टेबल नफीस गश्त पर थे। उन्होंने गली नंबर 10, चौहान बांगर में एक युवक को संदिग्ध हालत में पसीने से तर-बतर भागते देखा। रोककर तलाशी ली तो उसके पास से एक देसी पिस्टल और 6 जिंदा कारतूस बरामद हुए। पूछताछ में उसने अपनी पहचान मो. अनस (22), पुत्र मो. रफीक, निवासी सरधना, मेरठ, यूपी के रूप में बताई और कबूला कि उसने अपनी बहन वसीमा की हत्या की है।

आरोपी के खिलाफ थाना जाफराबाद में आर्म्स एक्ट की धारा 25 के तहत FIR No. 217/26 दर्ज कर हथियार बरामद कर लिया गया है। आरोपी का कोई पुराना आपराधिक रिकॉर्ड नहीं है। एडिशनल डीसीपी-I संदीप लांबा ने बताया कि आगे की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *