मध्य जिला पुलिस को बड़ी कामयाबी – लूटपाट करने वाले दो शातिर बदमाश गिरफ्तार

28 जुलाई 2026, नई दिल्ली

राजधानी दिल्ली के मध्य जिले की आनंद पर्वत थाना पुलिस ने एक सनसनीखेज लूट की वारदात का खुलासा करते हुए दो शातिर लुटेरों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों में एक महिला भी शामिल है, जो पहले से ही कोर्ट से भगोड़ी घोषित है।

रोहित राजवीर सिंह आईपीएस डीसीपी सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट के मुताबिक 14 जुलाई 2026 को आनंद पर्वत थाने में पीसीआर कॉल के जरिए लूट की सूचना मिली। पीड़ित जखीरा फ्लाईओवर, नेहरू नगर के पास मिला। उसने पुलिस को बताया कि वह विभिन्न साइटों से लगभग 40,000 रुपये कलेक्शन कर घर लौट रहा था। जैसे ही वह जखीरा फ्लाईओवर की सीढ़ियों पर पहुंचा, एक महिला, जिसके गाल पर ब्लेड से कटे का लंबा निशान था, और उसके तीन साथियों ने उसे घेर लिया। दो आरोपियों ने उसे पकड़ लिया और मारपीट शुरू कर दी, जबकि महिला ने उसकी शर्ट की जेब से 40,000 रुपये लूट लिए।

इस शिकायत पर थाना आनंद पर्वत में FIR No. 357/2026 U/S 309(4)/3(5) BNS के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

CCTV और मुखबिर की सूचना से पकड़े गए आरोपी

मामले की गंभीरता को देखते हुए SHO आनंद पर्वत के नेतृत्व और ACP पटेल नगर के पर्यवेक्षण में एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम में SI हरदीप, HC सुरेश, Ct. अशोक और W/Ct. साक्षी शामिल थे।

टीम ने घटनास्थल और आसपास के इलाकों के सैकड़ों CCTV फुटेज को खंगाला। महिला आरोपी के गाल पर कट के निशान को अहम सुराग बनाया गया। लगातार फील्ड वर्क और गुप्त सूचना के आधार पर दोनों आरोपियों की पहचान कर 27 जुलाई 2026 को जखीरा फ्लाईओवर के पास से धर दबोचा गया।

इस मामले में :अफसाना खातून – उम्र 26 वर्ष, निवासी- जखीरा, दिल्ली और रूपेश भारती – उम्र 26 वर्ष, निवासी- जिला छपरा, बिहार को गिरफ्तार किया गया है।

जांच में खुलासा हुआ कि अफसाना खातून थाना आनंद पर्वत के ही एक अन्य मामले FIR No. 559/2024 में वांछित थी। इस मामले में माननीय ASJ, तीस हजारी कोर्ट, दिल्ली द्वारा उसके खिलाफ BNSS की धारा 84 के तहत उद्घोषणा की कार्यवाही भी शुरू की जा चुकी है।

पूछताछ में दोनों आरोपियों ने एक और संगीन वारदात को अंजाम देने की बात कबूली। आरोपियों ने बताया कि उन्होंने 26 जुलाई को शकूरपुर मेट्रो के पास एक ऑटो में जा रही महिला का हैंडबैग लूट लिया था। वारदात के दौरान महिला ऑटो से गिर गई और उसे गंभीर चोटें आईं। महिला फिलहाल अस्पताल में बेहोश है और उसका इलाज चल रहा है।

इस संबंध में थाना नेताजी सुभाष प्लेस में FIR No. 429/2026 U/S 309(4)/309(6)/3(5) BNS दर्ज है। पुलिस ने इस वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल HR12 AB **** को भी बरामद कर लिया है।

अफसाना खातून – पहले से 6 आपराधिक मामलों में शामिल रही है, जिसमें चोरी, लूट और आबकारी अधिनियम के मामले शामिल हैं।रूपेश भारती – चोरी के एक मामले में पहले से संलिप्त पाया गया है।

पुलिस का कहना है कि आरोपी जल्दी पैसा कमाने के लिए राह चलते लोगों को निशाना बनाते थे। दोनों से पूछताछ जारी है और उनके अन्य साथियों की तलाश की जा रही है।
मध्य जिला पुलिस की सतर्कता, सीसीटीवी विश्लेषण और सटीक खुफिया जानकारी के चलते लूट की दो वारदातों का खुलासा संभव हो पाया है। आगे की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *