रोहिणी जिले की बेगमपुर पुलिस को मिली बड़ी सफलता:शातिर चोरों को किया गिरफ्तार

नई दिल्ली, 27 अगस्त। रोहिणी जिला पुलिस ने चोरी की वारदातों पर लगाम लगाते हुए दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से दो चोरी के एप्पल मोबाइल फोन, एक एप्पल लैपटॉप और एक चोरी की मोटरसाइकिल बरामद हुई है। साथ ही एक बटन वाला चाकू भी बरामद किया गया है।

डीसीपी रोहिणी शशांक जायसवाल के अनुसार, 19 अगस्त को थाना बेगमपुर में इलेक्ट्रॉनिक सामान चोरी की ई-एफआईआर दर्ज हुई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसीपी बेगमपुर सार्थक त्यागी के पर्यवेक्षण में इंस्पेक्टर राजीव रंजन, एसएचओ बेगमपुर के नेतृत्व में टीम गठित की गई।

टीम ने तकनीकी निगरानी और मुखबिर की सूचना पर 23 अगस्त को सेक्टर-23, रोहिणी में गश्त के दौरान संदिग्ध हालत में बाइक सवार दो युवकों को देखा। पुलिस को देखकर भागने की कोशिश की, लेकिन पीछा कर दोनों को दबोच लिया गया।

पकड़े गए आरोपियों की पहचान बंटी उर्फ रोहन (27) और अर्जुन उर्फ बाजा (25) निवासी सेक्टर-26, शाहबाद डेयरी के रूप में हुई है। जांच में पता चला कि मोबाइल और लैपटॉप बेगमपुर इलाके से चोरी के हैं, जबकि मोटरसाइकिल शाहबाद डेयरी थाना क्षेत्र से चोरी की गई थी।

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत FIR No. 395/26 दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है। इनकी गिरफ्तारी से चोरी के 2 मामलों का खुलासा हुआ है।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार बंटी शातिर बदमाश है और शाहबाद डेयरी थाने का हिस्ट्रीशीटर है, उस पर पहले से 10 आपराधिक मामले दर्ज हैं। जबकि अर्जुन पर 13 आपराधिक मामले दर्ज हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *