नई दिल्ली: मध्य जिला के पटेल नगर थाना पुलिस ने हिम्मत और सूझबूझ का परिचय देते हुए भीषण आग में फंसे 4 लोगों की जान बचाई।
घटना 27 अगस्त की है। पटेल नगर थाने को पीसीआर कॉल मिली कि बलजीत नगर, हिल मार्ग स्थित मकान नं. T-235 में भीषण आग लग गई है। कॉल मिलते ही इमरजेंसी ऑफिसर हेड कांस्टेबल दीपक को मौके पर भेजा गया। सूचना पर SHO पटेल नगर इंस्पेक्टर नवीन कुमार और ATO इंस्पेक्टर दीपक दहिया स्टाफ के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे।
इलाका बेहद तंग और भीड़भाड़ वाली गलियों वाला था, जिसके कारण फायर ब्रिगेड की गाड़ी सीधे घटनास्थल तक नहीं पहुंच सकी। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिसकर्मियों ने स्थानीय लोगों की मदद से तुरंत बचाव कार्य शुरू किया। आसपास के घरों और छतों से पानी का इंतजाम कर आग को फैलने से रोकने की कोशिश की गई।
जांच में पता चला कि तीसरी मंजिल पर 4 लोग आग और धुएं के बीच फंसे हुए हैं। पुलिसकर्मियों ने अपनी जान की परवाह किए बिना खतरनाक परिस्थितियों में अंदर घुसकर चारों को सुरक्षित बाहर निकाला।
इसके बाद पुलिस टीम ने लगातार प्रयास कर आग को आसपास के घरों में फैलने से रोका। पुलिस और स्थानीय लोगों के संयुक्त प्रयास से बड़ा हादसा टल गया।
इस बहादुरी भरे कार्य पर डीसीपी सेंट्रल रोहित राजबीर सिंह, IPS ने पटेल नगर थाने के स्टाफ की सराहना की है।