नई दिल्ली, 19 जुलाई 2026
बच्चों के खिलाफ डिजिटल यौन शोषण पर जीरो टॉलरेंस अभियान के तहत सेंट्रल जिला पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है।
पुलिस ने पिछले पांच दिनों में चाइल्ड सेक्सुअल एक्सप्लॉइटेटिव एंड अब्यूज मटेरियल (CSEAM) को अपलोड, डाउनलोड, स्टोर और शेयर करने के आरोप में 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस संबंध में जिले के विभिन्न थानों में 10 एफआईआर दर्ज की गई हैं।
पुलिस के अनुसार, अंतरराष्ट्रीय साइबर टिप-लाइन से मिले इनपुट और तकनीकी जांच के बाद इन आरोपियों की पहचान हुई। सभी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट और आईटी एक्ट की संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया गया है।
इन थानों में दर्ज हुए केस:
आईपी एस्टेट, पहाड़गंज, जामा मस्जिद, कमला मार्केट, पटेल नगर और चांदनी महल सहित अन्य थानों में कार्रवाई की गई।
पुलिस ने आरोपियों के पास से मोबाइल फोन और अन्य डिजिटल उपकरण बरामद किए हैं, जिन्हें फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है। पुलिस को संदेह है कि तकनीकी जांच में और भी नाम सामने आ सकते हैं, जिससे आगे और गिरफ्तारियां हो सकती हैं।
डीसीपी सेंट्रल रोहित राजबीर सिंह ने बताया कि बच्चों की ऑनलाइन सुरक्षा को लेकर इस तरह का अभियान आगे भी जारी रहेगा।