नई दिल्ली, 16 जुलाई। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल, साउथ-वेस्टर्न रेंज ने संगठित अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए कुख्यात हैरी बॉक्सर – अनिल पंडित – सचिन उर्फ गोलू गैंग के अहम गुर्गे जगदीश उर्फ जैक को पश्चिम बंगाल के मालदा से गिरफ्तार किया है।
पुलिस के मुताबिक आरोपी पर दिल्ली के छावला थाने में फिरौती के लिए फायरिंग के दो सनसनीखेज मामले दर्ज हैं – FIR No. 96/2026 और FIR No. 182/2026। पहले मामले में पीड़ित से व्हाट्सएप कॉल पर 5 करोड़ की रंगदारी मांगी गई और न देने पर उसके जिम पर तीन राउंड फायरिंग की गई। दूसरे मामले में 25/26 जून की रात दूसरे पीड़ित के घर पर कई राउंड फायरिंग कर दहशत फैलाई गई। जांच में सामने आया कि जगदीश ने दोनों वारदातों में हथियार, बाइक और लॉजिस्टिक मुहैया कराई थी, और पहली वारदात में खुद फायरिंग करने वालों में शामिल था।
ACP पूरन चंद्र पंत की देखरेख और इंस्पेक्टर संदीप यादव व नीरज कुमार के नेतृत्व में यह ऑपरेशन चलाया गया। हेड कांस्टेबल हरीश को 28 जून को आरोपी के मालदा में छिपे होने की सूचना मिली थी। इसके बाद SI विनीत पूनिया की टीम ने कमला बारी के 2 किलोमीटर में फैले आम के बाग में एक हफ्ते तक जाल बिछाए रखा और 2 जुलाई को शाम 4:30 बजे रेल गेट के पास से उसे दबोच लिया।
गौरतलब है कि इससे पहले 7 जून को इसी टीम ने उसके करीबी साथी विकास उर्फ चुहिया को उत्तर प्रदेश के मैनपुरी से गिरफ्तार किया था। दोनों आरोपी गैंगस्टरों की आलीशान जिंदगी से प्रभावित होकर अपराध की दुनिया में आए थे।