स्पेशल सेल की बड़ी कार्रवाई: पाकिस्तानी नेटवर्क के दो मॉड्यूल ध्वस्त, 6 गिरफ्तार, दिल्ली में आतंकी हमले की साजिश नाकाम, हथियार तस्करी रैकेट का भी भंडाफोड़

नई दिल्ली, 6 जुलाई 2026
दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने पाकिस्तान स्थित शाहजाद भट्टी नेटवर्क के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अलग मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया है। इस ऑपरेशन में कुल 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इनमें से एक मॉड्यूल दिल्ली में आतंकी हमले की साजिश रच रहा था, जबकि दूसरा सीमा पार से हथियारों की तस्करी में लिप्त था।

स्पेशल सेल/एनडीआर की टीमों ने इंस्पेक्टर सुनील राजैन और इंस्पेक्टर धीरज के नेतृत्व में, एसीपी विवेक कुमार त्यागी की निगरानी और डीसीपी प्रवीण त्रिपाठी के समग्र पर्यवेक्षण में यह कार्रवाई की। दोनों मॉड्यूल के खिलाफ स्पेशल सेल थाने में भारतीय न्याय संहिता और आर्म्स एक्ट की संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज की गई है।

मॉड्यूल-I : दिल्ली में हमले की थी तैयारी
पहला मॉड्यूल पाकिस्तानी आईएसआई हैंडलर राणा हुनैन चला रहा था। यह शाहजाद भट्टी का सहयोगी है। इस मॉड्यूल को दिल्ली में किसी महत्वपूर्ण प्रतिष्ठान या पुलिस थाने पर पेट्रोल बम से हमला करने का टास्क दिया गया था।

स्पेशल सेल ने इस मॉड्यूल के दो आरोपियों दानिश उर्फ चांद मियां (24) और सलमान (20), दोनों निवासी मुजफ्फरनगर, यूपी को विजय घाट इलाके से गिरफ्तार किया। इनके पास से 3 पेट्रोल बम, 2000 रुपये नकद और एक चोरी की मोटरसाइकिल बरामद हुई। मोबाइल फोन से पाकिस्तानी हैंडलर के साथ आपत्तिजनक चैट, फोटो और वीडियो भी मिले हैं।

जांच में सामने आया कि दानिश अप्रैल 2026 में सोशल मीडिया के जरिए राणा हुनैन के संपर्क में आया था। उसे रेकी कर हमला करने के लिए 20,000 रुपये देने का वादा किया गया था। सलमान को हमले का वीडियो बनाने के लिए 20,000 रुपये का लालच दिया गया था।

मॉड्यूल-II : ड्रोन से आ रहे थे हथियार
दूसरा मॉड्यूल सीमा पार हथियार तस्करी में लगा था। इसे पाक हैंडलर हसन गुज्जर चला रहा था, जो शाहजाद भट्टी का दूसरा सहयोगी है। यह मॉड्यूल पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए तस्करी कर हथियार मंगवा रहा था। इन पैसों का इस्तेमाल भारत में आतंकी और आपराधिक गतिविधियों के लिए किया जा रहा था।

इस मॉड्यूल के तीन आरोपियों तैय्यब (27) निवासी शाहीन बाग, दिल्ली, जुबैर खान (24) निवासी मोदीनगर, गाजियाबाद और अली फजल (26) निवासी लिसाड़ी गेट, मेरठ को कालिंदी कुंज से पकड़ा गया। चौथा आरोपी मलकीत सिंह (36) निवासी अमृतसर, पंजाब से गिरफ्तार हुआ। इनके पास से 3 अत्याधुनिक पिस्टल, 5 जिंदा कारतूस, दो कारें हुंडई वरना और फोर्ड इकोस्पोर्ट बरामद हुई हैं।

तैय्यब सोशल मीडिया पर हसन गुज्जर के संपर्क में आया था। उसने अपने दोस्त जुबैर को अमृतसर भेजकर मलकीत सिंह से हथियारों की खेप मंगवाई। फिर ये हथियार अपने साले अली फजल को दिल्ली या यूपी में बेचने के लिए दिए। अली फजल पर 2025 में यूपी पुलिस ने आर्म्स एक्ट का केस दर्ज किया था। मलकीत सिंह पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए आई हथियारों की खेप का रिसीवर था।

  • इसके पास से मॉड्यूल-I में 3 पेट्रोल बम, चोरी की बाइक, 2000 रुपये नकद, मोबाइल फोन बरामद हुए है।
  • मॉड्यूल-II में 3 पिस्टल, 5 कारतूस, 2 कारें, मोबाइल फोन बरामद हुए हैं।
  • एडिशनल कमिश्नर ऑफ पुलिस, स्पेशल सेल, प्रमोद कुशवाहा, आईपीएस ने बताया कि पाकिस्तान से संचालित इस नेटवर्क पर लगातार नजर रखी जा रही है। दोनों मॉड्यूल के तार सीधे शाहजाद भट्टी नेटवर्क से जुड़े हैं। मामले में आगे की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *