अपराध शाखा की बड़ी कामयाबी: टिल्लू ताजपुरिया गैंग का गुर्गा गिरफ्तार, अलीपुर फायरिंग कांड का खुलासा

नई दिल्ली। अपराध शाखा की उत्तरी रेंज-2 (NR-II) यूनिट ने संगठित अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए कुख्यात गैंगस्टर टिल्लू उर्फ ताजपुरिया के एक सक्रिय गुर्गे समेत दो सोनीपत के आरोपियों संदीप उर्फ दागू महाराज और दीपक को गिरफ्तार किया है। यह गिरफ्तारी अलीपुर थाना क्षेत्र में हुए सनसनीखेज जानलेवा हमले के मामले में हुई है, जिसमें विवादित संपत्ति पर कब्जे के दौरान 12 राउंड फायरिंग की गई थी।

पुलिस ने आरोपियों के पास से एक सेमी-ऑटोमैटिक पिस्टल, 8 जिंदा कारतूस और काले रंग की स्कॉर्पियो-एन कार बरामद की है।

30 अक्टूबर 2025 को करीब 30-45 हथियारबंद बदमाशों ने रामजनपुर गांव, दिल्ली में स्थित एक विवादित प्लॉट पर जबरन कब्जा करने की कोशिश की थी। इस दौरान बदमाशों ने अंधाधुंध फायरिंग की और लगभग 12 राउंड गोलियां चलाईं। आरोपियों ने प्लॉट का ताला तोड़ने की कोशिश की और लाठी-डंडों से कई लोगों पर हमला कर इलाके में दहशत फैला दी थी।

इस मामले में अलीपुर थाने में FIR संख्या 589/2025, BNS की धारा 109(1), 125, 324(4), 329(4), 62, 351(3), 79, 191(2), 191(3), 190, 311 व 3(5) तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25/27/54/59 के तहत केस दर्ज किया गया था।


एसीपी गिरीश कौशिक के पर्यवेक्षण में इंस्पेक्टर प्रदीप सिंह के नेतृत्व में टीम गठित की गई। टीम में एसआई सतेंदर दहिया, एसआई योगेश दहिया, एसआई परवीर सिंह, एएसआई प्रवीण, हेड कांस्टेबल सिद्धार्थ ढाका, अश्विनी दहिया, सोहित दहिया, प्रदीप तोमर और अजय पाल शामिल थे।

हेड कांस्टेबल प्रदीप तोमर को गुप्त सूचना मिली कि फायरिंग मामले में वांछित संदीप उर्फ दागू महाराज अवैध हथियार लेकर नरेला इलाके में अपने साथी के साथ काली स्कॉर्पियो से आने वाला है। इस सूचना पर टीम ने नरेला UER-II रोड और अलीपुर-नरेला रोड के पास जाल बिछाया।

पुलिस को देखकर आरोपियों ने भागने की कोशिश की, लेकिन पीछा कर दोनों को दबोच लिया गया। संदीप के पास से 4 जिंदा कारतूस लोडेड पिस्टल और दीपक के पास से 4 अतिरिक्त कारतूस मिले। कार HR10AW5*** भी जब्त की गई। इस संबंध में क्राइम ब्रांच थाने में आर्म्स एक्ट के तहत FIR 174/2026 दर्ज की गई है।

पूछताछ में खुलासे:
संदीप उर्फ दागू महाराज: सातवीं तक पढ़ा संदीप पहले चाचा की दुकान पर काम करता था। 2011 में मोबाइल छीनने के केस में जेल जाने के बाद अपराध की दुनिया में आया। 2016 से नवंबर 2022 तक जेल में रहा। सोनीपत जेल में ही उसकी मुलाकात टिल्लू ताजपुरिया से हुई। टिल्लू ने पैसे और रुतबे का लालच देकर उसे गैंग में शामिल किया।

जेल से छूटने के बाद फरवरी 2023 में टिल्लू के कहने पर सिंघु बॉर्डर के पास उसे पिस्टल और 10 कारतूस मिले थे। अक्टूबर 2025 में दीपक बालियान के कहने पर वह भाई शांतनु के साथ हथियार लेकर बख्तावरपुर पहुंचा और फिर रामजनपुर में फायरिंग की घटना को अंजाम दिया। संदीप पर नरेला थाने में स्नैचिंग, कुंडली व मुरथल थाने में हत्या, हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट के कुल 6 मामले दर्ज हैं। दीपक 12वीं तक पढ़ा दीपक खेती में पिता का हाथ बंटाता है। इस पर हत्या, आर्म्स एक्ट और NDPS के 4 मामले पहले से दर्ज हैं। पूछताछ में बताया कि संदीप उसका चचेरा भाई है और उसी ने उसे 4 कारतूस दिए थे।


स्पेशल कमिश्नर ऑफ पुलिस (क्राइम) एच.जी.एस. धालीवाल ने बताया कि यह गिरफ्तारी संगठित अपराध पर लगाम लगाने की दिशा में बड़ी सफलता है। मामले में आगे की जांच जारी है और अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *