नई दिल्ली, 21 अगस्त।
मध्य दिल्ली के करोल बाग इलाके में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। प्यारे लाल रोड, रेगरपुरा स्थित मकान नंबर 3512 में एक पुरानी दो मंजिला इमारत को गिराने के दौरान वह अचानक भरभराकर ढह गई। हादसे में एक मजदूर की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गए।
बिना अनुमति के चल रहा था काम
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मकान मालिकों ने निजी ठेकेदार के माध्यम से इमारत को गिराने का काम शुरू कराया था, जिसके लिए संबंधित एजेंसी से कोई अनुमति नहीं ली गई थी।
सुबह 11:15 बजे हुआ हादसा
पुलिस के अनुसार, घटना आज सुबह करीब 11:15 बजे की है। सूचना मिलते ही थाना करोल बाग की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और फायर ब्रिगेड के साथ बचाव अभियान शुरू किया। मलबे में दबे मजदूरों को बाहर निकाल कर अस्पताल पहुंचाया गया।
हादसे में चार मजदूर चपेट में
इस हादसे में चार मजदूर चपेट में आए –
- शेख शमशाद : गंभीर रूप से घायल होने के कारण मौत हो गई। शव को एलएचएमसी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है।
- मो. अय्यूब : सिर में गंभीर चोट और दाहिने हाथ में फ्रैक्चर। हालत नाजुक होने पर डॉ. आरएमएल अस्पताल रेफर किया गया है।
- शेख सैदुल : हाथ-पैर में चोटें आई हैं, जीवन माला अस्पताल में इलाज चल रहा है।
- रफीक-उल : मामूली चोट आने के बाद प्राथमिक उपचार के बाद अपने निवास पर चला गया।
मालिक और ठेकेदार हिरासत में
पुलिस ने इमारत के मालिकों और ठेकेदार को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। पुलिस का कहना है कि तथ्यों के सत्यापन और हादसे के कारणों की जांच के बाद उचित कानूनी धाराओं के तहत कार्रवाई की जाएगी।