नशे के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत पूर्वी जिला पुलिस के एंटी नारकोटिक्स स्क्वॉड को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने अंतरराज्यीय ड्रग्स सिंडिकेट का भंडाफोड़ करते हुए 446 ग्राम स्मैक/हेरोइन बरामद की है। जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 80 लाख रुपये है।
पुलिस ने नशा तस्करी में इस्तेमाल की जा रही एक कार UP25EB को भी जब्त किया है और 4 तस्करों को गिरफ्तार किया है। जिसमें आजाद अंसारी (24 वर्ष),. राजा खान (23 वर्ष) . नाजिम (27 वर्ष) और साकिर (40 वर्ष) सभी बरेली के रहने वाले हैं।
राजीव कुमार डीसीपी पूर्वी जिला के मुताबिक स्वतंत्रता दिवस को देखते हुए पूर्वी जिले में विशेष चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इस दौरान 6 अगस्त को ANS टीम को सूचना मिली कि बरेली के दो तस्कर मयूर विहार फेज-3, पेपर मार्केट के पास DTC बस टर्मिनल के पास कार से स्मैक सप्लाई करने आने वाले हैं।
इंस्पेक्टर अरुण कुमार के नेतृत्व में बनी टीम ने जाल बिछाकर कार को घेर लिया। तलाशी में आजाद से 36 ग्राम और राजा खान से 83 ग्राम स्मैक बरामद हुई। इस संबंध में थाना गाजीपुर में FIR No. 387/2026, धारा 21/25/29 NDPS Act के तहत मामला दर्ज किया गया।
पूछताछ में खुलासा हुआ कि राजा खान बरेली से नाजिम से माल लाता था। सोर्स तक पहुंचने के लिए पुलिस ने बरेली में ट्रैप लगाया। 12 अगस्त को बरेली के मथुरापुर मदरसा, रामपुर रोड से मुख्य सोर्स नाजिम को 271 ग्राम स्मैक के साथ पकड़ा गया। उसकी निशानदेही पर दूसरे सोर्स साकिर को भी 56 ग्राम स्मैक के साथ गिरफ्तार किया गया।
इसके पास से 446 ग्राम स्मैक/हेरोइन • 1 कार • 4 मोबाइल फोन बरामद हुए हैं।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्हें लगा था कि पुलिस कांवड़ यात्रा और स्वतंत्रता दिवस की सुरक्षा में व्यस्त है, इसलिए वे आसानी से धंधा कर लेंगे। सभी आरोपी पैसों के लालच में इस धंधे में आए थे।
पुलिस ने बरेली से दिल्ली तक चल रहे नशे के नेटवर्क को ध्वस्त कर दिया है। आगे के लिंक की जांच जारी है।